नई दिल्ली: अफगानिस्तान में एक भारतीय यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर को नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने गलत बताया है। दरअसल पहले खबर आई कि अफगानिस्तान में एक भारतीय यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। अफगानिस्तान के टोलो न्यूज ने ये जानकारी दी। टोलो न्यूज ने बदख्शां के सूचना और संस्कृति विभाग के प्रमुख जबीहुल्लाह अमीरी के हवाले से बताया कि एक भारतीय यात्री विमान बदख्शां प्रांत के कुरान-मुंजन और ज़िबक जिले में तोपखाना के पहाड़ों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
जबीहुल्लाह अमीरी ने कहा कि घटना की जांच के लिए एक टीम को इलाके में भेजा गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, विमान रविवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस मामले में अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
इसके बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बयान जारी करते हुए कहा, अफगानिस्तान में जो दुर्भाग्यपूर्ण विमान दुर्घटना हुई है, वह न तो भारतीय विमान है और न ही गैर अनुसूचित भारतीय विमान(एनएसओपी)/चार्टर विमान है। यह मोरक्कन पंजीकृत छोटा विमान है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।