राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने नागालैंड के राज्यपाल आर.एन. रवि को मेघालय के राज्यपाल का अतिरिक्त जिम्मा दिया है। दरअसल, मेघालय के राज्यपाल तथागत रॉय इन दिनों अवकाश पर हैं। यही वजह है कि राष्ट्रपति को नागालैंड के राज्यपाल को यह जिम्मा देना पड़ा है।
आपको बता दें कि पूर्वोत्तर में नागरिकता (संशोधन) विधेयक के कानून बनने पर विरोध के चलते बिगड़ती कानून और व्यवस्था की स्थिति बनाय रखने के लिए प्रशासन हरसंभव कोशिश कर रहा है। मेघालय में हिंसक घटनाएं सामने आई हैं।
मेघालय सरकार ने गुरुवार को अगले 48 घंटों के लिए राज्य भर में मोबाइल इंटरनेट और संदेश सेवाओं को बंद करने का फैसला किया था। अधिकारियों ने बताया था कि ये सेवाएं गुरुवार शाम पांच बजे से वापस ले ली गई हैं।
राज्य की राजधानी में जिला प्रशासन ने दो पुलिस थानों में कानून और व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने के चलते कर्फ्यू लगा दिया था। कर्फ्यू गुरुवार रात 10 बजे से अगले आदेश तक लागू हो गया था, जिसे आगे भी बढ़ा दिया गया।