मुंबईः मुंबई में भारी बारिश हो रही है। आईएमडी ने अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बीएमसी आपदा प्रबंधन कक्ष का दौरा किया और यहां भारी बारिश के बाद की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों से बातचीत की और हर कदम उठाने को कहा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। क्योंकि मंगलवार को शहर और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में भारी बारिश हुई है। रेल सेवा और सड़क यातायात बाधित रहा। शहर के प्रमुख इलाकों में बड़े पैमाने पर जलजमाव की खबर है।
भारी बारिश के कारण मंगलवार को मुंबई के उत्तर-पश्चिम हिस्से में चार मुख्य मार्गों को यातायात के लिए बंद करना पड़ा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। गोलिबार, मिलन, अंधेरी और मलाड नाम के ये भूमिगत मार्ग उत्तर-पश्चिमी उपनगरों के पूर्व और पश्चिम हिस्सों को जोड़ते हैं, जो कि पश्चिमी रेलवे पटरियों से विभाजित होते हैं।
यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘वर्तमान में इन चार मार्गों के बंद होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ दिया गया। बारिश के कारण कई स्थानों पर यातायात जाम हो गया है, जिससे वाहन सड़कों पर रेंगते हुए नज़र आए।’’
अधिकारी ने बताया कि बोरीवली के चामुंडा सर्कल में एक ऑटोरिक्शा के पलट जाने से कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, जबकि सांताक्रूज में कलिना विश्वविद्यालय के पास कुर्ला जाने के रास्ते में वाहनों को बाधाओं का सामना करना पड़ रहा था।