मुंबई: फिल्ममेकर अनुराग कश्यप फिल्म बॉम्बे वेलवेट में करण जौहर के साथ काम कर चुके हैं। इस फिल्म में रणबीर कपूर और अनुष्का शर्मा मुख्य भूमिका में थे। वहीं, एक हालिया इंटरव्यू में अनुराग कश्यपकरण जौहर को लेकर बात करते हुए नजर आए। उन्होंने कहा कि करण को गलत समझा गया है। उन्होंने करण के बारे में खूब बातें की और उनकी जमकर तारीफ की।
पिंकविला को दिए इंटरव्यू में अनुराग ने कहा, "मैंने उन्हें बहुत जज किया है। जब मैं उनसे मिला तो मैंने पाया कि वह मेरे जैसे हैं लेकिन सिक्के के दूसरी तरफ। वह अपने फिल्म निर्माताओं, लोगों और अपने निर्देशकों के साथ भी व्यवहार करता है और उन्हें उतनी ही स्वतंत्रता और अधिकार देते हैं। करण को गलत समझा गया है। उनके बारे में सबसे आश्चर्यजनक बात यह है कि खुद अपने आलोचक हैं। धर्मा प्रोडक्शन के क्रिएटिव हेड सोमेश मिश्रा करण जौहर के सबसे बड़े आलोचक थे और करण जौहर ने उन्हें हायर किया था। यह एक दूरदर्शी और साहसी व्यक्ति की निशानी है।"
अनुराग कश्यप के वर्क फ्रंट की बात करें तो उनकी फिल्म 'दोबारा' आज यानि 19 अगस्त को रिलीज हुई है। इस फिल्म में तापसी पन्नू और पावेल गुलाटी हैं। यही नहीं, क्रिटिक्स से इस फिल्म को अच्छे रिव्यू मिल रहे हैं। तापसी को फिल्म में उनके अभिनय के लिए सराहा जा रहा है। दोबारा 2018 स्पेनिश फिल्म मिराज की आधिकारिक रीमेक है। फिल्म मनमर्जियां के बाद तापसी पन्नू और अनुराग कश्यप दूसरी बार एकसाथ काम कर रहे हैं।