बार्सिलोना में चल रहे मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस 2018 में सभी स्मार्टफोन कंपनियां अपने खासम-खास डिवाइस को लॉन्च कर रही है। सैमसंग, सोनी से लेकर नोकिया ने अपने फ्लैगशिप स्मार्टफोन्स को पेश किया है। ऐसे में नोकिया ने MWC 2018 में Nokia 8 Sirocco को लॉन्च किया है। आपको बता दें कि नोकिया की ओर से पिछले साल पेश किए गए नोकिया 8 का यह अपग्रेड वर्जन है। कंपनी ने अपने इस फोन को खास बनाने के लिए इसमें कर्व्ड ग्लास और क्राफ्टिड स्टैनलेस स्टील फ्रेम डिजाइन दिया है।
इसे भी पढ़ें: MWC 2018: नोकिया ने लॉन्च किया 7 प्लस, यहां देखें फीचर्स और कीमत
कंपनी ने दावा किया है कि यह स्मार्टफोन डिजाइन के मामले में सबसे खास है। स्मार्टफोन की डिजाइन में स्टेनलीस स्टील वाला फ्रेम इस्तेमाल किया गया है जो 6000 सीरीज़ वाले एल्युमिनियम का ढाई गुना मज़बूत है। फोन लंबाई, चौड़ाई और मोटाई के मामले में पिछले वर्जन की तुलना में ज्यादा कॉम्पैक्ट है। फोन के रियर पर दिया गया कैमरा इसके पिछले वर्जन से थोड़ा हटकर है। फोन को आईपी67 रेटिंग के साथ पेश किया गया है जो कि डिवाइस को पानी और धूल से सुरक्षित रखेगी। आपको बता दें कि यह एंड्रॉयड वन स्मार्टफोन है, जिसे लेकर कंपनी ने समय-समय पर अपडेट उपलब्ध करवाने का वादा भी किया है।
Nokia 8 Sirocco की कीमत और उपलब्धता
नोकिया 8 सिरोको की कीमत 749 यूरो (तकरीबन 60,000 रुपये) होगी। हालांकि भारत में इसकी कीमत को लेकर अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी गई है। स्मार्टफोन की उपलब्धता को लेकर कहा जा रह है कि नोकिया 8 सिरोको को अप्रैल की शुरुआत तक ब्लैक रंग वेरिएंट में उपलब्ध कराया जाएगा। Nokia 8 Sirocco स्पेसिफिकेशन
नोकिया 8 सिरोको एंड्रॉयड 8.0 ओरियो पर चलता है। इसमें 5.5 इंच का क्वाडएचडी पोलेड डिस्प्ले है। डिस्प्ले को सुरक्षा देने के लिए इसमें 3डी कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 5 मौज़ूद है। फोन 8 कोर वाले क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 835 प्रोसेसर से लैस है। जुगलबंदी के लिए इसमें 6 जीबी एलपीडीडीआर4एक्स रैम दिए गए हैं। प्राइमरी रियर कैमरा 12 मेगापिक्सल का है, जो एफ/1.75 अपर्चर से लैस है। इसका साथ देता है 13 मेगापिक्सल का टेलीफोटो लेंस, जो 2x ऑप्टिकल ज़ूम से लैस है। इसमें एफ/2.6 अपर्चर फीचर शामिल है।
डिस्प्ले | 5.5 इंच |
प्रोसेसर | क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 835 |
रैम | 6 जीबी एलपीडीडीआर4एक्स |
स्टोरेज | 128 जीबी |
रियर कैमरा | 12+13 मेगापिक्सल |
फ्रंट कैमरा | 5 मेगापिक्सल |
बैटरी | 3260mAh |
इसे भी पढ़ें: सैमसंग ने लॉन्च किया गैलेक्सी एस9 और एस9 प्लस, जानें 5 बड़ी बातें
ड्यूल रियर कैमरे, ड्यूलल टोन एलईडी फ्लैश और ज़ाइस ऑप्टिक्स के साथ आते हैं। नोकिया 8 सिरोको के फ्रंट में 5 मेगापिक्सल का कैमरा है, जो फिक्स्ड फोकस लेंस की जुगलबंदी में दिया गया है। यह एफ/2.0 अपर्चर से लैस है। हैंडसेट में 128 जीबी की इनबिल्ट स्टोरेज है, जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के ज़रिए बढ़ाने का विकल्प नहीं होगा। बता दें कि एमडब्ल्यूसी 2018 में नोकिया ब्रांड के स्मार्टफोन बनाने वाली एचएमडी ग्लोबल ने इसके अलावा, नोकिया 1, नोकिया 7 प्लस, नोकिया 6 (2018) और नोकिया 8810 4जी हैंडसेट भी लॉन्च किए हैं।
स्मार्टफोन में क्विक चार्जिंग 4.0 तकनीक के साथ 3260mAh की बैटरी दी गई है। स्मार्टफोन में फिंगरप्रिंट सेंसर के साथ ब्लूटूथ 5.0 जैसे विकल्प भी मौजूद हैं।