Lok Sabha Elections 2024: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी शुरू कर दी है। दक्षिण भारत में लगातार फोकस किया जा रहा है। तेलंगाना में लोकसभा की 17 सीट हैं और 2019 में भाजपा ने 4 सीट पर कब्जा किया था। इस बार भाजपा ने 10 सीट का लक्ष्य रखा है। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) को दो दिन में दो झटके लगे हैं। सांसद व दलित नेता पी रामुलु के बाद जहीराबाद के बीआरएस सांसद भीम राव बसवंत राव पाटिल (बीबी) बीजेपी में शामिल हो गए। वह लिंगायत समुदाय से हैं।
तेलंगाना के जहीराबाद संसदीय क्षेत्र से भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के सांसद भीम राव बसवंत राव पाटिल शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर, भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य के लक्ष्मण और राष्ट्रीय महासचिव व तेलंगाना के प्रभारी तरुण चुघ की मौजूदगी में पाटिल ने भाजपा की सदस्यता ली।
पिछले दो दिनों के भीतर बीआरएस के लिये यह दूसरा झटका लगा है। तेलंगाना के नगरकुरनूल (आरक्षित) सीट से बीआरएस सांसद व दलित नेता पी रामुलु भाजपा में शामिल हुए थे। दो बार के सांसद पाटिल ने पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के. मदन मोहन राव को छह हजार से अधिक मतों से पराजित किया था। तेलंगाना से भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के सांसद व दलित नेता पी रामुलु भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। वह लोकसभा में नागरकुरनूल (आरक्षित) संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं।
केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर, भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य के लक्ष्मण, राष्ट्रीय महासचिव व तेलंगाना के प्रभारी तरुण चुघ और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डी के अरुणा की मौजूदगी में रामुलु ने भाजपा की सदस्यता ली। इस अवसर पर रामुलु के साथ बीआरएस के कुछ अन्य नेता भी भाजपा में शामिल हुए। रामुलु तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकार में खेल व युवा मामलों के मंत्री भी रहे हैं।