Rajkumar Anand Aam Aadmi Party: दिल्ली सरकार में मंत्री राजकुमार आनंद ने मंत्री पद सहित पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इस संबंध में प्रेस वार्ता कर इस बात की जानकारी दी। राजकुमार आनंद ने बताया कि हमारे पास 13 राज्यसभा सांसद हैं, लेकिन उनमें से कोई भी दलित, महिला या पिछड़े वर्ग से नहीं है। इस पार्टी में दलित विधायकों, पार्षदों और मंत्रियों के लिए कोई सम्मान नहीं है।
ऐसे में सभी दलित ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। इन सबके चलते मेरा इस पार्टी में बने रहना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से कनेक्शन इसलिए हुआ क्योंकि उन्होंने कहा था राजनीति बदलेगी तो देश बदलेगा। आज राजनीति नहीं बदली है। लेकिन राजनेता बदल गए हैं। मैंने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री कार्यालय को भेज दिया है। उन्होंने आगे कहा कि वह किसी पार्टी में शामिल नहीं हो रहा हैं। वहीं, राजकुमार आनंद के इस्तीफे के बाद दिल्ली स्थित आम आदमी पार्टी कार्यालाय में आप राज्यसभा सांसद संजय सिंह और दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने संयुक्त प्रेस वार्ता की।
संजय सिंह ने कहा कि कल वह भाजपा ज्वाइन करेंगे तो मीडिया को यह सवाल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से पूछना चाहिए कि जिसके घर पर 22 से 23 घंटे की ईडी की रेड हुई। जिसके बाद पूरा भाजपा राजकुमार को भ्रष्ट्राचारी कहने लगा। उसे कैसे बीजेपी का पटका पहना रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपाइयों का कोई चरित्र नहीं है। ये लोग केवल पार्टियों को तोड़ने और विपक्षी दलों की सरकार गिराने का काम करते हैं।
दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का कारण पार्टी को तोड़ना और दिल्ली और पंजाब की सरकार को भंग करना था। हम राज कुमार आनंद को बेईमान नहीं कहेंगे। एक पारिवारिक व्यक्ति थे और उन्हें डर था कि ईडी उन्हें उठा ले जाएगी और उन्हें कई साल तिहाड़ जेल में बिताने पड़ सकते हैं। हर व्यक्ति संजय सिंह नहीं होता। उन्होंने पार्टी सहयोगियों से कहा था कि जब भी वह सक्रिय होते हैं, तो उन्हें फोन आता है। इस तरह दलित समुदाय से आने वाले एक निर्वाचित विधायक और दिल्ली के मंत्री को धमकी दी जा रही है, जरा सोचिए कि जब वे चुनाव जीतेंगे तो क्या होगा।