नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर इलाकों में बुधवार सुबह तेज बारिश से कई जगहों पर जलजमाव की समस्या देखने को मिल रही है। दिल्ली के मंडी हाउस से लेकर रिंग रोड और नोएडा के कई इलाकों में भी झमाझम बारिश देखने को मिली। बरसात के साथ-साथ काले घने बादल से अंधेरा छा गया। दिल्ली और नोएडा के कई इलाकों में जल भराव की समस्या भी सामने आई है। इस बीच नोएडा के सभी स्कूलों में आज छुट्टी की घोषणा प्रशासन की ओर से की गई है।
IMD का अलर्ट
मौसम विभाग ने इस सप्ताह देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार 26 जुलाई तक पश्चिमी तट पर और 25 से 27 जुलाई के बीच तेलंगाना समेत आंध्र प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। मध्य भारत में भी इस बीच अच्छी-खासी बारिश देखने को मिल सकती है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तरी हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश देखने को मिल सकती है।
यमुना खतरे के निशान से कुछ नीचे
इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी में यमुना खतरे के निशान से महज कुछ सेंटीमीटर नीचे बह रही है। मंगलवार रात 10 बजे पुराने यमुना पुल के पास यमुना का जलस्तर खतरे के निशान 205.33 मीटर के मुकाबले 205.24 मीटर दर्ज किया गया। शाम सात बजे यह 205.32 मीटर था।
जल स्तर में वृद्धि चिंता का विषय है, जिससे राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। 13 जुलाई को 208.66 मीटर के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद पिछले कुछ दिनों से नदी का जल स्तर 205.33 मीटर के खतरे के निशान के आसपास मंडरा रहा था। राष्ट्रीय राजधानी में लगातार बारिश के बाद 10 जुलाई को शाम 5:00 बजे नदी खतरे के निशान को पार कर गई थी।