पटनाः बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं जदयू के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी ने गुरुवार को कहा कि हमारी ताकत ये है कि ये सरकार नीतीश कुमार की ओर से आशीर्वादित और स्थापित सरकार है। शुक्रवार को सम्राट चौधरी सरकार के विश्वासमत से पहले आज जदयू के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि नई सरकार बनाने के लिए सम्राट चौधरी को आशीर्वाद मिला। नीतीश कुमार का रास्ता लोगों की पसंद का है। एनडीए सरकार को समर्थन मिल रहा है। विजय चौधरी ने साफ-साफ कहा कि नई सरकार जरूर बनी है लेकिन रास्ता पुराना वाला ही है।
बिहार की जनता से किए वादे पूरे होंगे। जनता को नीतीश कुमार का रास्ता पसंद है। विजय चौधरी ने कहा कि विधानसभा की बैठक कल(शुक्रवार को) बुलाई गई है। मजबूती से विश्वास मत प्राप्त करेंगे। विजय चौधरी ने तेजस्वी यादव के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें राज्य के खजाने को लेकर सवाल उठाए गए थे।
उन्होंने कहा कि बिहार की वित्तीय स्थिति पहले कभी वैसी नहीं रही जैसी पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान थी और विपक्ष को अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए। विजय चौधरी ने बताया कि विश्वास मत के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा और नई सरकार अपने एजेंडे पर तेजी से काम करेगी। राज्य में जमीन खरीद-बिक्री पर रोक को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे बिहार में ऐसा कोई प्रतिबंध नहीं है।
केवल कुछ चुनिंदा इलाकों में जहां विशेष विकास योजनाएं चल रही हैं वहां अस्थायी रोक लगाई गई है। वहीं, निशांत कुमार की प्रस्तावित बिहार यात्रा पर विजय चौधरी ने कहा कि यह सकारात्मक पहल है। इससे वे जनता और कार्यकर्ताओं से जुड़ेंगे और संगठन को मजबूत करने में मदद मिलेगी। शराबबंदी को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि कुछ नेताओं की व्यक्तिगत राय से कानून पर सवाल नहीं उठता।
उन्होंने याद दिलाया कि विधानसभा में सभी दलों ने इस कानून का समर्थन किया था। वहीं, पश्चिम बंगाल में चुनावी हिंसा को लेकर उन्होंने अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव से पहले और दौरान होने वाली हिंसा के लिए वही जिम्मेदार है।
विजय चौधरी ने यह भी कहा कि आप सब जानते है, जो रास्ता नीतीश कुमार ने बिहार के लिए बनाया है। इसलिए पिछले 20 सालों से लोगों का अटूट समर्थन एनडीए सरकार को मिल रहा है। बीच में हमारे तत्कालीन मुख्यमंत्री ने राज्यसभा जाने का फैसला लिया और उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। बता दें कि शुक्रवार को विधानसभा सचिवालय की ओर से सत्र को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं।