नई दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को अमेरिका-ईरान शांति वार्ता को लेकर अनिश्चितता के बीच सोने की कीमत 300 रुपये टूटकर 1.57 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर रही, जबकि चांदी 2,700 रुपये फिसलकर 2.55 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 300 रुपये टूटकर 1,57,000 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा।
शेयर बाजार में तीन दिनों की तेजी पर लगा विराम; सेंसेक्स 757 अंक फिसला, निफ्टी भी नुकसान में
पश्चिम एशिया संकट जारी रहने से कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी और आईटी शेयरों में भारी बिकवाली के बीच घरेलू शेयर बाजार में तीन दिनों से जारी तेजी बुधवार को थम गई। सेंसेक्स में करीब 757 अंकों की गिरावट रही जबकि निफ्टी 198 अंक टूट गया। विश्लेषकों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की निकासी और पश्चिम एशिया में लंबे समय तक अस्थिरता की आशंका से भी बाजार धारणा प्रभावित हुई।
इंदौर में सोना, चांदी के भाव में तेजी
स्थानीय सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना 200 रुपये प्रति 10 ग्राम एवं चांदी के भाव में 500 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि हुई।
ऑनलाइन गेमिंग के नियम अधिसूचित, एक मई से होंगे प्रभावी
इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय ने बुधवार को बहुप्रतीक्षित ऑनलाइन गेमिंग नियमों को अधिसूचित कर दिया। ये नियम ऑनलाइन गेमिंग संवर्धन और विनियमन अधिनियम को संचालित करने के लिए प्रक्रियात्मक ढांचा मुहैया कराते हैं और इनके आधार पर ऑनलाइन गेमिंग प्राधिकरण का गठन भी हो सकेगा।
आईटी सचिव एस कृष्णन ने कहा कि ज्यादातर ऑनलाइन गेम - अगर वे 'रियल मनी गेम' नहीं हैं (पैसे का लेनदेन शामिल नहीं है), को अनिवार्य रूप से पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी। निगरानी केवल कुछ विशेष परिस्थितियों में ही शुरू की जाएगी। हालांकि, 'ईस्पोर्ट्स' के लिए अनिवार्य पंजीकरण की आवश्यकता होगी।
सरकार ने विमानन ईंधन में एथनॉल, कृत्रिम हाइड्रोकार्बन के मिश्रण की मंजूरी दी
सरकार ने विमानों में इस्तेमाल होने वाले ईंधन एटीएफ में एथनॉल और कृत्रिम हाइड्रोकार्बन के मिश्रण की अनुमति दे दी है लेकिन इसके लिए अभी कोई लक्ष्य तय नहीं किया गया है। एक सरकारी अधिसूचना से यह जानकारी मिली है।
आवश्यक वस्तु अधिनियम (एस्मा) के तहत एटीएफ विपणन नियमन आदेश, 2001 में संशोधन के बाद यह कदम उठाया गया है। इससे एटीएफ की परिभाषा का दायरा बड़ा हो गया है जिससे कृत्रिम हाइड्रोकार्बन के मिश्रण की राह आसान हो गई है।