Jamui:बिहार में जमुई जिले के टाउन थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है, जिसमें महिसौड़ी चौक से एक नाबालिग छात्रा का अपहरण कर, उसके साथ दुष्कर्म और फिर उस घिनौनी करतूत का लाइव वीडियो बनाकर वायरल करने का मामला सामने आया है। दरअसल, पीड़िता अपनी छोटी बहन के साथ किताब खरीदने के लिए बाजार गई थी। महिसौड़ी चौक पर ही हरला गांव निवासी सतीश कुमार (परिवर्तित नाम) अपने दो साथियों के साथ बाइक पर पहुंचा और पहले छोटी बहन को जबरन उठा लिया। इसके बाद बड़ी बहन को धमकी देकर बैठा लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता को लखीसराय के एक होटल में ले जाया गया, जहां उसे कमरे में बंद कर सतीश कुमार ने दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं। इस घिनौनी हरकत का न सिर्फ अंजाम दिया गया, बल्कि उसका लाइव वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया, जो बाद में वायरल कर देने की धमकी के साथ पीड़िता को डराने के लिए इस्तेमाल किया गया।
बताया जाता है कि खौफ और बदनामी के डर से बच्ची ने यह बात अपने घरवालों से छुपाए रखी, लेकिन जब वही वीडियो वायरल हुआ तो पूरा परिवार सदमे में आ गया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी पहले भी छात्रा को परेशान और छेड़खानी करता था, जिसकी शिकायत उसके घरवालों तक पहुंचाई गई थी, लेकिन कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़िता के परिवार ने मंगलवार शाम महिला थाना पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी विध्वजीत दयाल ने कहा कि केस दर्ज कर लिया गया है, मेडिकल जांच कराई गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। फिलहाल अब सभी की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है। लेकिन इलाके में तनाव का माहौल देखा जा रहा है।