मुजफ्फरपुरः बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के कथैया थाना क्षेत्र से एक बेहद घिनौनी वारदात सामने आई है, जहां एक 16 वर्षीय नाबालिग के साथ दो युवकों द्वारा बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया। इस घटना ने न केवल क्षेत्र में सनसनी फैला दी है, बल्कि ग्रामीणों के बीच भारी आक्रोश का माहौल है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता अपने ही गांव की निवासी है। आरोप है कि उसी के गांव के रहने वाले दो युवकों ने पीड़िता को हवस का शिकार बनाया। यह घटना तब सामने आई जब परिवार को मामले की भनक लगी, जिसके बाद तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कथैया थाना पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन पीड़िता को मेडिकल परीक्षण और बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इसके अलावा, अपराध स्थल से ठोस सबूत जुटाने और वैज्ञानिक तरीके से जांच को आगे बढ़ाने के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को मौके पर बुलाया गया है।
ताकि आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत पेश किए जा सकें। पुलिस की त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दूसरा आरोपी घटना के बाद से ही फरार चल रहा है। पुलिस ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश तेज कर दी है।
थाना प्रभारी का कहना है कि पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और फरार आरोपी को भी जल्द ही कानून के शिकंजे में ले लिया जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है और मामले की गहन जांच जारी है।