Salman Khan Residence Firing: शिवसेना(यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था खतरे में है। शिवसेना नेता का यह बयान उस वक्त आया है, जब फिल्म स्टार सलमान खान के घर के बाहर रविवार को फायरिंग की घटना हुई। इसके बाद से ही महाराष्ट्र के तमाम नेताओं के बयान आने लगे। संजय राउत ने कहा कि सलमान खान के घर बाहर जो फायरिंग हुई है वो एक इशारा है। इस मुंबई में कभी भी और कहीं भी गोली चल सकती है।
एनसीपी-एससीपी नेता सुप्रिया सुले ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि जिस क्षेत्र में सलमान खान रहते हैं वह एक लोकप्रिय क्षेत्र है और उनका परिवार स्पष्ट रूप से दबाव में है। यह गृह मंत्रालय की पूरी विफलता है। हम पुणे में रहते हैं और देखिए यहां क्या हो रहा है, यह एक बहुत ही शिक्षित जगह है जहां लोग शांति और सद्भाव से रहते हैं, लेकिन यहां भी अपराध बढ़ गया है।
मुंबई पुलिस के अनुसार, आज सुबह करीब 5 बजे अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित घर के बाहर दो अज्ञात लोगों ने फायरिंग कर दी। पुलिस को 3 राउंड फायरिंग की जानकारी मिली है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच जांच के लिए मौके पर पहुंच गई है। पुलिस के अनुसार, अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई की बांद्रा पुलिस अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज कर रही है।पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी और आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाईं। मुंबई पुलिस अधिकारी ने कहा कि जब दोबारा फायरिंग हुई तो सलमान खान अपने घर में मौजूद थे।
सीएम ने की सलमान से बात
मुंबई के बांद्रा में अभिनेता के आवास के बाहर दो अज्ञात लोगों द्वारा गोलीबारी किए जाने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सलमान खान से टेलीफोन पर बातचीत की। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई पुलिस कमिश्नर से चर्चा की और सलमान खान की सुरक्षा बढ़ाने का सुझाव दिया।