सहारनपुरः सहारनपुर जिले के नानौता क्षेत्र में रविवार रात शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपनी पांच माह की गर्भवती भाभी की फावड़े से प्रहार करके कथित तौर पर हत्या कर दी। मृतका के परिजन ने ससुराल के सभी लोगों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हत्यारा खून से सना फावड़ा लेकर शव के पास खड़ा रहा और किसी को भी कमरे के अंदर नहीं आने दिया। साथ ही सिलेण्डर का पाइप खोलकर आग लगाने की धमकी भी दी। बाद में उसे बमुश्किल पकड़ा गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अशोक सिसोदिया ने बताया कि नानौता कस्बे में आमिर नामक व्यक्ति ने रविवार देर रात शराब के नशे में अपनी भाभी सना (24) से झगड़े के बाद उसके सिर, पेट और छाती पर फावड़े से ताबड़तोड़ वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि वारदात के बाद आमिर खून से सना फावड़ा लेकर करीब एक घंटे तक शव के पास खड़ा रहा।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों को फावड़े से हमला करने की धमकी दी, साथ ही एक हाथ में रसोई गैस सिलेंडर का पाइप लेकर आग लगाने की बात भी कही। सिसोदिया ने बताया कि बाद में पुलिस ने मौके पर मौजूद निसार खान नामक व्यक्ति की मदद से आमिर को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है जबकि फोरेंसिक टीम ने मौके से खून के नमूने, फावड़ा और अन्य सुबूत जांच के लिये एकत्र किये हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आमिर अपने भाई सलमान के गैर-बिरादरी में शादी करने से नाराज था।
सिसोदिया ने बताया कि मृतका के पिता आसिफ ने आरोप लगाया है कि एक योजना के तहत आमिर को माध्यम बनाकर पूरे परिवार ने एक योजना के तहत सना की हत्या की है। आरोप है कि हत्या के समय सना की सास और ननद पहले ही योजना के तहत घर से कहीं चली गई थी।
जबकि सलमान भी साजिश के तहत थाने पहुंचा था जहां उसने अपने भाई द्वारा पत्नी की हत्या किए जाने की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में आमिर और उसके भाई सलमान को पुलिस ने हिरासत मे ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।