कोलकाताः पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि संबंधित अधिकारियों के साथ पहली कैबिनेट बैठक अच्छी रही। हम बंगाल की जनता को आश्वस्त करते हैं कि दो इंजन वाली सरकार सभी विकास कार्यों को पूरा करेगी। हमारी पहली कैबिनेट बैठक में छह निर्णय लिए गए। मैं सभी मतदाताओं, चुनाव आयोग, केंद्रीय बलों, पुलिस, पर्यवेक्षकों और सभी राजनीतिक दलों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि हमारे संघर्ष में जान गंवाने वाले 321 व्यक्तियों के संबंध में, यदि उनके परिवार चाहें, तो सरकार जांच शुरू करेगी। सीमा सुरक्षा के उद्देश्य से सीमावर्ती क्षेत्रों में भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया आज से शुरू हो रही है। हमारा लक्ष्य इस हस्तांतरण प्रक्रिया को 45 दिनों के भीतर पूरा करना है।
आयुष्मान भारत' योजना बंगाल में शुरू होगी। 'जन आरोग्य योजना' और प्रधानमंत्री की अन्य योजनाएं भी यहां लागू की जाएंगी।" बंगाल भाजपा अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने कहा कि मैं उस पार्टी (टीएमसी) के बारे में क्या कहूँ जिसके मुख्यमंत्री उसके गढ़ से हार गए। अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘सबका साथ, सबका विकास’ का दृष्टिकोण राज्य में नई भाजपा सरकार का मार्गदर्शक सिद्धांत होगा।
अधिकारी ने पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के साथ कोलकाता के पूर्वी हिस्से में साल्ट लेक स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचकर संगठनात्मक बैठक में हिस्सा लिया। बैठक के बाद भट्टाचार्य ने पत्रकारों से कहा कि सरकार और पार्टी जनता के कल्याण के लिए अपने-अपने तरीके से, लेकिन तालमेल के साथ अपनी-अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे। उन्होंने कहा, "चुनावी वादे पूरे किए जाएंगे।"
कोलकाता के न्यू टाउन इलाके में स्थित अपने आवास से निकलने से पहले उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “हमारे पास बहुत जिम्मेदारियां हैं। हमें लोगों के लिए काम करना है।” इसके बाद अधिकारी, भट्टाचार्य के घर गए और वहां से दोनों नेता साथ में साल्ट लेक स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने वहां एकत्र सैकड़ों लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री मोदी का ‘सबका साथ, सबका विकास’ हमारा मार्गदर्शक सिद्धांत होगा।” साल्ट लेक स्थित भाजपा कार्यालय को फूलों से सजाया गया था। वहां जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी का चित्र और ‘भारत माता’ की तस्वीर लगाई गई थी।
पार्टी कार्यालय में ‘जय श्रीराम’ के नारों के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं ने अधिकारी का 207 कमलों के साथ स्वागत किया, जो विधानसभा चुनाव में पार्टी द्वारा जीती गई सीटों की संख्या का प्रतीक था। इस अवसर पर बिधाननगर के विधायक शरद्वत मुखर्जी सहित कई भाजपा विधायक तथा पार्टी नेता लॉकेट चटर्जी और सौमित्र खान सहित भाजपा नेता मौजूद थे।