पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। नीतीश कुमार ने लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल को अपना त्यागपत्र सौंप दिया। कुमार लोकभावन में महज सात मिनट ही रुके। कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री विजय चौधरी के साथ इस्तीफा देने के लिए लोक भवन पहुंचे।
बिहार के सबसे लंबे समय तक CM रहने वाले नीतीश कुमार ने पटना के लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल(सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। नीतीश कुमार ने ट्वीट किया कि हमने तय किया था कि मैं अब मुख्यमंत्री का पद छोड़ दूंगा और इसलिए आज की कैबिनेट बैठक के बाद, मैं राज्यपाल से मिला और उन्हें अपना इस्तीफ़ा सौंप दिया।
अब नई सरकार यहां का काम देखेगी। नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा। आगे भी बहुत अच्छे काम होंगे, और बिहार बहुत आगे बढ़ेगा। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि बिहार के लिए आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है, जहां आज बिहार एक नई शुरुआत की ओर बढ़ने का काम करेगा और आज एक युग की समाप्ति भी हम अनुभव कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की लगभग 2 दशक से ज्यादा की कार्यशैली का लाभ हमें मिला है, जिन्होंने बिहार को जंगलराज, बर्बादी के उस दौर से निकालकर यहां तक लाने का काम किया जहां हम नए, विकसित बिहार की उम्मीद रख सकते हैं।
बिहार और कोई भी बिहारी कभी भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किए गए कार्यों को नहीं भूल पाएगा... कुछ घंटों बाद जब नए नेतृत्व, मुख्यमंत्री के नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी तो मुझे उम्मीद है कि वह नए मुख्यमंत्री भी नीतीश कुमार के मार्गदर्शन के माध्यम से बिहार को विकसित करने का काम करेंगे।