पटना: बिहार में सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रविवार को 17 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया. तीन युवकों ने छात्रा और उसके दोस्त को लाइब्रेरी से अगवा कर लिया और चाकू दिखाकर धमकाते हुए पास के झाड़ियों में ले जाकर छात्रा से बारी-बारी से दुष्कर्म किया.
बताया जाता है कि पीड़िता के परिजनों ने घटना की लिखित शिकायत एकमा थाने में दर्ज कराई है. पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने रात में ही घटनास्थल का निरीक्षण किया और एसआईटी का गठन किया. एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य और नमूने जुटाए. पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है. गिरफ्तार आरोपी को छपरा सदर अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद न्यायिक प्रक्रिया में भेजा गया.
एकमा थानाध्यक्ष राम बालक यादव ने बताया कि तीन अभियुक्तों की पहचान की गई है. इनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है. उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदन में पीड़िता के साथ दुष्कर्म की घटना अंकित है. पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विधि-विरुद्ध को निरुद्ध किया गया है. शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी की जा रही है.