भदोहीः भदोही जिले में पुलिस ने एक भाजपा नेता को एक भूखंड बेचने के नाम पर 50 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, स्थानीय भाजपा नेता दीन दयाल सोनकर उर्फ छोटे लाल सोनकर की शिकायत पर भदोही कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया।
कोतवाली निरीक्षक सच्चिदानंद पांडे ने बताया कि जाहिदपुर के अकील अहमद सिद्दीकी और उसके बेटे साहिल सिद्दीकी एवं स्टेशन रोड के अतीक खान के खिलाफ मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। पांडे ने कहा कि भदोही राजपुरा क्षेत्र के सोनकर ने कुशियारा क्षेत्र में 5.5 लाख रुपये प्रति बिस्वा की दर से 0.194 हेक्टेयर जमीन खरीदने के लिए अकील अहमद और उसके बेटे के साथ नोटरीकृत समझौता किया था।
निरीक्षक ने कहा कि 30 जनवरी, 2023 और 14 फरवरी, 2024 के बीच, भाजपा नेता ने आरोपियों को कथित तौर पर कुल 50 लाख रुपये का भुगतान किया। शिकायत के अनुसार, सोनकर ने आरोपियों से बार-बार विक्रय पत्र निष्पादित करने के लिए कहा और उन्हें बताया कि उन्होंने बैंक क्रेडिट सीमा के माध्यम से पैसे की व्यवस्था की थी।
इस पर लगातार ब्याज दे रहे हैं लेकिन पिता-पुत्र की जोड़ी बस आश्वासन देती रही। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया कि सोनकर को मानसिक और वित्तीय उत्पीड़न का सामना करना पड़ा क्योंकि जमीन की न तो माप की गई और न ही उनके नाम पर हस्तांतरित की गयी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने विक्रय पत्र निष्पादित करने या अपने पैसे वापस करने की मांग की।
तो आरोपियों ने उन्हें जाति-आधारित गालियां दीं और धमकी दी कि अगर वह जमीन की रजिस्ट्री के लिए दबाव डालता रहा तो वे उन्हें मार डालेंगे और उनका शव ठिकाने लगा देंगे। पांडे ने कहा कि आरोपियों ने टकराव के दौरान कथित तौर पर सोनकर पर भी हमला किया। निरीक्षक ने आरोप लगाया कि आरोपी फर्जी तरीकों से निर्दोष लोगों को धोखा देने में शामिल थे और ऐसी गतिविधियों के माध्यम से बड़ी रकम इकट्ठा की थी। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच चल रही है।