Actor Dileep Raj Death: कन्नड़ सिनेमा के जाने-माने एक्टर और टीवी निर्माता दिलीप राज का निधन हो गया है। खबर है कि उन्हें घर में हार्ट अटैक आया जिसके बाद उनकी मौत हो गई। यह खबर उनके फैन्स के लिए दिल तोड़ने वाली है और फैन्स में शोक की लहर है। उनके अचानक निधन की खबर से कन्नड़ फिल्म और टेलीविज़ृन जगत सदमे में है।
मीडिया खबरों के अनुसार, वयोवृद्ध अभिनेता डोडन्ना ने दिलीप राज के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, "दिलीप राज के पिता एच.एम. शिवरुद्रप्पा हैं। वे मूल रूप से अरसीकेरे के रहने वाले हैं। उन्होंने और मेरे भाई ने साथ पढ़ाई की थी। दिलीप राज के निधन की खबर सुनकर मुझे बहुत गहरा सदमा लगा है। मेरा दिल बैठा जा रहा है। वह हमारे बच्चों जैसे थे।"
दिलीप राज फिल्मों, टेलीविजन, थिएटर और डबिंग के क्षेत्र में अपने काम के लिए जाने जाते थे। पिछले कुछ वर्षों में, वे कई उल्लेखनीय प्रोजेक्ट्स में नजर आए, जिनमें 'मिलना', 'यू-टर्न', 'ऑर्केस्ट्रा मैसूर', 'बॉयफ्रेंड' और 'लव मॉकटेल 3' शामिल हैं। उन्हें दिवंगत अभिनेता पुनीत राजकुमार के साथ फ़िल्म 'मिलना' में काम करने के बाद व्यापक पहचान मिली, जिसमें एक खलनायक के रूप में उनके अभिनय की खूब सराहना हुई।
फिल्मों के अलावा, दिलीप कन्नड़ टेलीविजन का भी एक जाना-पहचाना चेहरा थे। उन्होंने 'हिटलर कल्याणा', 'कंबाडा माने', 'जननी', 'अर्ध सत्य', 'रंगोली', 'कुमकुम भाग्य', 'मांगल्य' और 'प्रीतिगति' जैसे धारावाहिकों में काम किया। बाद में उन्होंने 'रथसप्तमी' के साथ टेलीविजन पर वापसी की और कई रियलिटी शो की मेजबानी भी की।
दिलीप राज ने अपने बैनर 'DR क्रिएशन्स' के माध्यम से निर्माण के क्षेत्र में भी सफलतापूर्वक कदम रखा था। उन्होंने 'पारू', 'ना निन्ना बिडालारे' और 'कृष्णा रुक्कू' जैसे टेलीविजन धारावाहिकों का निर्माण किया, जो वर्तमान में 'जी कन्नड़' पर प्रसारित हो रहे हैं। 'हिटलर कल्याणा' में मुख्य अभिनेता के रूप में उनकी भूमिका ने टेलीविज़न दर्शकों के बीच उनकी लोकप्रियता को और भी मजबूत किया।
2 सितंबर, 1978 को बेंगलुरु में जन्मे दिलीप राज ने अपने कॉलेज के दिनों में शुरू में कोरियोग्राफी में रुचि विकसित की थी, जिसके बाद वे एक नाटक मंडली में शामिल हो गए और अंततः अभिनय के क्षेत्र में कदम रखा। उन्होंने 2005 में फिल्म 'बॉयफ्रेंड' से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की और मनोरंजन जगत में एक लंबा और सफल करियर बनाया।