जयपुर, 17 दिसंबर राजस्थान के नागौर जिले में बृहस्पतिवार को तीन अज्ञात नकाबपोशों ने एक बैंक से 20 लाख रुपये लूट लिए।
थानाधिकारी खेमाराम ने बताया कि लूट की यह घटना तरनाउ गांव के राजस्थान ग्रामीण मरूधरा बैंक की शाखा में हुई। उन्होंने बताया कि तीन हथियारबंद नकाबपोशों ने बैंक प्रबंधक समेत पांच बैंक कर्मियों को ‘स्ट्रांग रूम’ में बंद कर दिया और इसके बाद 20 लाख रुपये लूट कर फरार हो गये।
उन्होंने बताया कि बैंक प्रबंधक की रिपोर्ट के अनुसार बदमाशों ने नकदी काउंटर पर एटीएम मशीन में डालने के लिये रखे 10 लाख रुपये और ‘स्ट्रांग रूम’ में रखे अन्य 10 लाख रुपये लूट लिये।
उन्होंने बताया कि लूट की वारदात बैंक में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। उन्होंने बताया कि फुटेज में तीन नकाबपोश बदमाश दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।