IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा संस्करण में शुक्रवार को गुजरात जायंट्स (GT) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ 5 विकेट से जीत दर्ज की। यह 5 मुकाबलों में जीटी की तीसरी जीत है। वहीं केकेआर का बुरा दौर जारी रहा। वह अभी भी अपना जीत का खाता खोल पाने में नाकाम रही। अंजिक्य रहाणे की नेतृत्व वाली टीम अपने छह मैचों में एक भी जीत हासिल नहीं कर सकी है। हालांकि इसमें उनका एक मैच बारिश से प्रभावित हुआ था। केकेआर अंक तालिका में 1 अंक के साथ अंतिम पायदान पर काबिज है।
गुजरात जायंट्स की जीत में कप्तान शुभमन गिल की 86 रनों की पारी अहम रही। जो 50 गेंदों में आई, जिसमें उन्होंने 8 चौके और 4 छक्के लगाए। उनकी इस शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत जीटी ने 181 रनों के लक्ष्य को अपने 5 विकेट खोकर 2 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए जीटी ने अच्छी शुरुआत की और 57 रन पर अपना पहला विकेट साई सुदर्शन (22 रन) के रूप में खोया।
इसके बाद कप्तान गिल ने जॉस बटलर (25 रन) के साथ 38 रन, वाशिंगटन सुंदर (13 रन) के साथ 46 रनों की छोटी-छोटी पार्टनरशिप की मदद से लक्ष्य को हासिल किया। ग्लेन फिलिप्स इस जीत में 19 रनों का योगदान दिया। वहीं राहुल तेवतिया और शाहरुख़ ख़ान ने गेम को फिनिश किया। केकेआर के लिए वरुण चक्रवर्ती सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने सर्वाधिक दो विकेट लिए।
इससे पहले इस मैच में कैमरुन ग्रीन ने अपनी टीम के लिए 79 रनों की बेहतरीन पारी खेली। यह अर्धशतकीय पारी केवल 55 गेंदों में आई, जिसमें 4 छक्के और 7 चौके शामिल थे। उनकी इस पारी की बदौलत ने टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सभी खोकर 180 रनों का स्कोर खड़ा किया है। जीटी के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने 4 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट झटके।