बिहार के पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने राजनीति के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी है। उन्होंने बुधवार शाम को एक फेसबुक लाइव में वीआरएस का असली कारण बताया। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि अगर मौका मिला तो वह चुनाव लड़ेंगे क्योंकि राजनीति लोगों की सेवा करने का सबसे बड़ा मंच है। बुधवार शाम को किए दो फेसबुक लाइव में गुप्तेश्वर पांडेय ने अपने शुरुआती संघर्ष से लेकर आगे की योजनाओं के बारे में चर्चा की। खुद को जनता का सेवक बताया और कहा कि लोग ही उनकी असली पूंजी हैं। पूर्व पुलिस प्रमुख ने हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया कि वह आसन्न बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे या वाल्मीकि नगर लोकसभा उपचुनाव। पांडेय ने कहा कि वह पैसा कमाने या नाम कमाने और प्रसिद्धि के लिए राजनीति में शामिल नहीं होंगे बल्कि वह ऐसा "लोगों की सेवा" करने के लिए करेंगे।