लाइव न्यूज़ :

जंपा का कमाल, बांग्लादेश पर बड़ी जीत से दूसरे स्थान पर पहुंचा आस्ट्रेलिया

By भाषा | Updated: November 4, 2021 18:16 IST

Open in App

दुबई, चार नवंबर लेग स्पिनर एडम जंपा के पांच विकेट और कप्तान आरोन फिंच की तूफानी पारी से आस्ट्रेलिया ने आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर 12 के ग्रुप ए मैच में गुरुवार को यहां बांग्लादेश को 82 गेंद शेष रहते हुए आठ विकेट से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदें जीवंत रखी।

बांग्लादेश की पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गयी। उसका कोई भी बल्लेबाज आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजों और स्पिनरों का सामना नहीं कर पाया। उसकी टीम पहले बल्लेबाजी के लिये आमंत्रित किये जाने के बाद केवल 15 ओवर में 73 रन पर आउट हो गयी।

आस्ट्रेलिया ने 6.2 ओवर में दो विकेट पर 78 रन बनाकर अपने नेट रन रेट में भी सुधार किया। फिंच ने 20 गेंदों पर दो चौकों और चार छक्कों की मदद से 40 रन बनाये। उन्होंने डेविड वार्नर (14 गेंदों पर 18) के साथ पहले विकेट के लिये 58 रन जोड़े।

आस्ट्रेलिया के अब चार मैच में दक्षिण अफ्रीका के समान छह अंक हैं। फिंच की टीम हालांकि बेहतर रन रेट के कारण दक्षिण अफ्रीका से आगे दूसरे नंबर पर पहुंच गयी है। आस्ट्रेलिया का नेट रन रेट 1.031 और दक्षिण अफ्रीका 0.742 है। इंग्लैंड चार मैचों में आठ लेकर ग्रुप में शीर्ष पर है। बांग्लादेश ने अपनी लगातार पांचवी हार से टूर्नामेंट से विदा ली।

जंपा ने चार ओवर में 19 रन देकर पांच विकेट लिये। उनके अलावा तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क (21 रन देकर दो) और जोश हेजलवुड (आठ रन देकर दो) ने मिलकर चार विकेट हासिल किये जबकि आलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल (छह रन देकर एक) ने एक बल्लेबाज को पवेलियन भेजा।

आस्ट्रेलिया के सामने छोटा लक्ष्य था और फिंच नेट रन रेट में सुधार करने के लिये कम से कम ओवरों में लक्ष्य तक पहुंचना चाहते थे। उन्होंने मुस्ताफिजुर को निशाने पर रखा। आस्ट्रेलियाई कप्तान ने इस तेज गेंदबाज पर चौके और छक्के से शुरुआत की और फिर अगले ओवर में भी एक छक्का लगाया। मुस्ताफिजुर के इस ओवर में वार्नर ने भी तीन चौके जड़े।

फिंच ने तास्किन अहमद पर लगातार दो छक्के जमाये लेकिन इस तेज गेंदबाज ने इसी ओवर में उन्हें बोल्ड कर दिया। शोरिफुल इस्लाम ने वार्नर की गिल्लियां बिखेरी लेकिन मिशेल मार्श (पांच गेंदों पर नाबाद 16) ने पावरप्ले के तुरंत बाद टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। उन्होंने तास्किन पर डीप मिडविकेट क्षेत्र में विजयी छक्का लगाया।

बांग्लादेश की तरफ से केवल तीन बल्लेबाज मोहम्मद नईम (17), कप्तान महमुदुल्लाह (16) और शमीम हुसैन (19) ही दोहरे अंक में पहुंचे। उसकी पारी में सात चौके और एक छक्का लगा।

बांग्लादेश शीर्ष क्रम लड़खड़ाने के बाद एक समय पांच विकेट पर 33 रन पर संघर्ष कर रहा था। महमुदुल्लाह और शमीम ने बीच में वापसी की उम्मीद जगायी। शमीम ने इस बीच जंपा पर पारी का एकमात्र छक्का भी लगाया।

जंपा ने शमीम को आउट करने के बाद अगली गेंद पर महेदी हसन को पगबाधा आउट किया। उनके पास अगले ओवर की पहली गेंद पर हैट्रिक का मौका था लेकिन विकेटकीपर मैथ्यू वेड ने कैच छोड़ दिया।

स्टार्क ने महमुदुल्लाह को विकेट के पीछे कैच कराया जबकि जंपा ने बाकी बचे दोनों विकेट लेकर बांग्लादेश की पारी का अंत किया।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटGT vs KKR: कप्तान गिल की 86 रनों की शानदार पारी से जीटी की 5 विकेट से जीत, केकेआर के लिए बुरा दौर जारी

क्रिकेटGT vs KKR: 86 रन की कप्तानी पारी, शुभमन गिल ने GT को दिलाई शानदार जीत

क्रिकेटAustralia to tour Bangladesh: ऑस्ट्रेलिया 15 साल में पहली वनडे सीरीज़ के लिए बांग्लादेश का दौरा करेगा

भारतलोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक पारित नहीं हो सका, 230 सदस्यों ने इसके विरोध में किया मतदान

क्रिकेटरहाणे-रिंकू फ्लॉप, ग्रीन बने KKR के हीरो, अकेले दम पर KKR को पहुंचाया 180 तक

अन्य खेल अधिक खबरें

अन्य खेलपुरुष हॉकी वर्ल्ड कप में एक ही ग्रुप में भारत-पाकिस्तान, मैदान में फिर भिड़ेंगी दोनों टीमें; जानें कब और कहाँ होगा महामुकाबला

अन्य खेलकश्मीर में टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए गुलमर्ग छठे खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026 के लिए तैयार

अन्य खेलएथलीट पीटी उषा के पति का निधन, 67 की उम्र में वी श्रीनिवासन ने ली अंतिम सांस

अन्य खेलतेजी से बदलती दुनिया में निजता का गंभीर सवाल...!

अन्य खेलविंटर ओलंपिक: बर्फ-गर्मी के बीच मुकाबला!