Maharashtra By-Election Results 2026: महाराष्ट्र के बारामती और राहुरी विधानसभा क्षेत्रों में हुए उपचुनावों के लिए भी मतगणना जारी है। उम्मीद के मुताबिक, अजीत पवार के नेतृत्व वाले एनसीपी गुट की सुनेत्रा पवार ने बारामती विधानसभा क्षेत्र में बढ़त बना ली है। वहीं, अहिल्यानगर जिले के राहुरी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार अक्षय करदिले आगे चल रहे हैं। अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा 70369 वोट से आगे हैं और दूसरे स्थान पर प्रो. आर. वाई. घुटुकडे सर को 273 वोट मिले हैं।
त्रिपुरा के धर्मनगर और नागालैंड के कोरिडांग विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत निश्चित है। वहीं, बारामती सीट पर एनसीपी की सुनेत्रा पवार मजबूत बढ़त बनाए हुए हैं। चुनाव आयोग पांच राज्यों की सात विधानसभा सीटों के लिए मतगणना कर रहा है।
उपचुनाव परिणामों के साथ-साथ, भारत निर्वाचन आयोग पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के परिणाम भी घोषित करेगा। चुनाव आयोग ने गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, नागालैंड और त्रिपुरा की विधानसभा सीटों पर रिक्तियों को भरने के लिए उपचुनाव कराने का फैसला किया था।
गोवा की पोंडा सीट पर उपचुनाव होना था, लेकिन बॉम्बे उच्च न्यायालय ने मतदान से एक दिन पहले इसे रद्द कर दिया। पांच राज्य की सात विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे से जारी है। गुजरात की उमरेठ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना आणंद जिले के वल्लभ विद्यानगर स्थित बीजेवीएम कॉलेज परिसर में डाक मतपत्रों की गिनती के साथ शुरू हुई।