गुवाहाटी:असम विधानसभा की 126 सीट के लिए सोमवार सुबह मतगणना शुरू हो गई। टेलीविजन चैनलों में प्रसारित शुरुआती रुझानों के अनुसार, असम की 126 विधानसभा सीट में से 99 पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगे है, जबकि विपक्षी कांग्रेस 25 सीट पर बढ़त बनाए हुए है। राज्य के सभी 35 जिलों में सुबह आठ बजे से 40 केंद्रों पर मतों की गिनती शुरू हुई, जहां 722 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा। निर्वाचन आयोग ने अभी तक कोई आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए हैं।
असम में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 87 सीट पर आगे, जबकि कांग्रेस 21 सीट पर बढ़त बनाए हुए है। निर्वाचन आयोग की ओर से यह जानकारी दी गई। निर्वाचन आयोग ने राज्य की 126 सीट में से 114 सीटों के रुझान जारी किए हैं, जिनमें भाजपा 71 सीट पर आगे है, जबकि उसके गठबंधन सहयोगी असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) क्रमशः सात और नौ सीट पर आगे हैं। इसके अनुसार कांग्रेस 21 सीट पर आगे है, जबकि उसकी सहयोगी असम जातीय परिषद (अजाप) और रायजोर दल एक-एक सीट पर आगे हैं।
एआईयूडीएफ दो, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और झारखंड मुक्ति मोर्चा एक-एक निर्वाचन क्षेत्र में आगे हैं। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई क्रमशः जालुकबारी और जोरहाट विधानसभा क्षेत्रों में आगे हैं। अजाप अध्यक्ष लुरिंज्योति गोगोई खोवांग में आगे हैं, जबकि रायजोर दल के अध्यक्ष अखिल गोगोई शिवसागर में आगे हैं।
जिसका उन्होंने निवर्तमान विधानसभा में एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में प्रतिनिधित्व किया था। राजग के सहयोगी अगप के अध्यक्ष अतुल बोरा एवं कार्यकारी अध्यक्ष केशव महंत क्रमशः बोकाखाट और कलियाबोर में आगे हैं।
चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस के पूर्व वरिष्ठ नेता प्रद्युत बोरदोलोई और भूपेन बोरा क्रमशः दिसपुर और बिहपुरिया निर्वाचन क्षेत्रों में आगे हैं। मंत्री रानोज पेगू, पीयूष हजारिका, अशोक सिंघल, प्रशांत फूकन और विमल बोरा भी अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में बढ़त बनाए हुए हैं। राजग सहयोगी बीपीएफ भी तीन निर्वाचन क्षेत्रों में आगे है।