नई दिल्ली: चार राज्यों (पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल) और एक केंद्र शासित प्रदेश (पुडुचेरी) में हुए विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। इस बीच पांच अन्य राज्यों (महाराष्ट्र, कर्नाटक, गुजरात, त्रिपुरा और नागालैंड) की 7 विधानसभा चुनाव में कराए गए उपचुनाव के नतीजों के लिए भी काउंटिंग जारी है।
इन सीटों में आए ताजा रुझान के मुताबिक इन 7 सीटों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) 4 सीटों में बढ़त बनाए हुए हैं। जबकि तीन अन्य सीटों में दो में कांग्रेस तो एक सीट पर एनसीपी की उम्मीदवार शीर्ष पर है। महाराष्ट्र की दो सीटों बारामती और राहुरी में क्रमश: एनसीपी की सुनेत्रा अजित पवार 61917 वोटों से आगे हैं।
वहीं राहुरी से भाजपा उम्मीदवार अक्षय शिवाजी कार्डिले 70831 वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं। इसी प्रकार कर्नाटक की दो सीटों में सत्तारूढ़ कांग्रेस उम्मीदवार लीड कर रहे हैं। यहां बागलकोट से उम्मेश हुल्लप्पा मेटी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 83455 वोटों से लीड कर रहे हैं तो वहीं दावानागेरे दक्षिण सीट से समर्थ शमनूर मल्लिकार्जुन 33585 वोटों से आगे चल रहे हैं।
वहीं गुजरात की उमरेठ विधानसभा सीट में भाजपा के हर्षदभाई गोविंदाभाई परमार 80181 वोटों से, त्रिपुरा की धर्मानगर में बीजेपी के जहार चक्रवर्ती 24291 वोटों से और नागालैंड की कोरिडांग से बीजेपी उम्मीदवार दावचिर इमचेन 7317 वोटों से आगे हैं।