शिमलाः हिमाचल प्रदेश में रविवार को 51 शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) के लिए मतदान हुआ, जिसमें सत्ताधारी कांग्रेस और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दोनों ने कई नगर परिषदों और नगर पंचायतों में जीत का दावा किया। 2022 से हिमालयी राज्य में सत्ता में रही कांग्रेस ने देहरा, नेरचौक, बंजार, भुंतर, रेवालसर, करसोग सरकाघाट, नूरपुर, कांगड़ा, ज्वालामुखी, शाहपुर और न बागवान में बड़ी जीत दर्ज करने का दावा किया। दूसरी ओर, भाजपा ने मनाली, बिलासपुर, परवानू, नालागढ़, अर्की और ऊना में अपने समर्थित उम्मीदवारों की जीत का दावा किया।
बिलासपुर जिला परिषद में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया। कुल 11 सीट में से 9 पर जीत हासिल की और कांग्रेस 2 पर सिमट गई। आपको बता दें कि बिलासपुर जिला पूर्व बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा का जिला है। सोलन जिले में नालागढ़ नगर परिषद चुनाव में भाजपा की जीत हुई। 9 में से 7 पर जीत हासिल और कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंडी की जनता को कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की जीत में सहयोग देने के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने नेरचौक, रेवालसर, करसोग और सरकाघाट में निर्णायक जीत हासिल की है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “इस जबरदस्त समर्थन के लिए मैं सभी मतदाताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। सभी विजयी उम्मीदवारों को मेरी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। हम जनता की सेवा में और भी अधिक समर्पण, जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ काम करना जारी रखेंगे।”
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की जीत में मदद करने के लिए कांगड़ा की जनता का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने देहरा, नूरपुर, कांगड़ा, ज्वालामुखी, शाहपुर और न बागवान सहित सभी छह नगर परिषदों और नगर पंचायतों में निर्णायक जीत हासिल की है, जबकि भाजपा केवल एक सीट जीतने में सफल रही।
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “यह भारी जनादेश कांग्रेस पार्टी की जनहितैषी नीतियों में जनता के विश्वास और हमारे समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम को दर्शाता है। इस अपार समर्थन के लिए सभी मतदाताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का हार्दिक आभार। सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई। हम और भी अधिक समर्पण और जिम्मेदारी के साथ जनता की सेवा करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।”