कोडागु:कर्नाटक के कोडागु जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अमेरिका की एक पर्यटक ने आरोप लगाया है कि होमस्टे में उसके साथ यौन उत्पीड़न हुआ। एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, उसकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने होमस्टे के मालिक और एक कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को 3 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
झारखंड के रहने वाला कर्मचारी वृजेश कुमार ने कथित तौर पर अमेरिकी नागरिक के साथ बलात्कार किया। न्यूज़ 9 के अनुसार जब मालिक को घटना की जानकारी मिली, तो उसने महिला की मदद करने के बजाय, कथित तौर पर उसका मोबाइल फोन छीन लिया और उसे तीन दिनों तक कैद में रखा।
उसने कथित तौर पर महिला को पुलिस में शिकायत दर्ज न कराने की धमकी भी दी। महिला मैसूरु चली गई और पीड़िता ने अपराध की सूचना अमेरिकी अधिकारियों को दी। अमेरिकी दूतावास से मिली जानकारी के आधार पर कर्नाटक पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मालिक ने कथित तौर पर होमस्टे की वाई-फाई सेवा तीन दिनों के लिए बंद कर दी, जिससे पीड़िता किसी से भी संपर्क नहीं कर पाई। वाई-फाई दोबारा चालू होने के बाद, वह मैसूरु जाने का बहाना बनाकर होमस्टे से चली गई। फिर घटना की जानकारी अमेरिकी दूतावास को दी। अमेरिकी अधिकारियों ने ईमेल के माध्यम से मैसूरु पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया।