दिल्ली: रक्षा मंत्री और वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए तृणमूल कांग्रेस प्रमुख एवं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, मुख्यमंत्री पी विजयन और द्रमुक प्रमुख एम स्टालिन को ट्वीट करके बधाई दी है। इन तीनों नेताओं की पार्टियों को क्रमशः पश्चिम बंगाल, केरल और तमिलनाडु में पूर्ण बहुमत मिलता दिख रहा है। खास बात यह है कि अभी किसी शीर्ष बीजेपी नेता ने विधानसभा चुनाव जीत पर इन विपक्षी नेताओं को बधाई नहीं दी है।
पश्चिम बंगाल में कुल 294 सीटें हैं जिनमें से रविवार को 292 सीटों के मतदान की मतगणना हो रही है। समाचार लिखे जाने तक 205 सीटों पर तृणमूल आगे चल रही है। बहुमत के लिए 143 सीटों पर जीत की जरूरत है। ऐसे में तृणमूल की सरकार पक्की है। वहीं ममता बनर्जी ने राज्य के नंदीग्राम विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीद शुभेंदु अधिकारी को काँटे के मुकाबले में करीब 1200 वोटों से हरा दिया।
तमिलनाडु की कुल 234 सीटों में से 153 सीटों पर द्रमुक गठबंधन आगे चल रहा है। वहीं सत्ताधारी अन्नाद्रमुक और भाजपा गठबंधन 80 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है। केरल की कुल 140 विधानसभा सीटों में 100 सीटों पर वाम गठबंधन आगे है, वहीं 40 सीटों पर कांग्रेस नीत गठबंधन आगे है।
ममता बनर्जी लगातार तीसरी बार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बनेंगे। वहीं पी विजयन लगातार दूसरी बार केरल के मुख्यमंत्री बनेंगी। द्रमुख के संस्थापक करुणानिधि के पुत्र स्टालिन पहली बार तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनेंगे।
समाचार लिखे जाने तक बंगाल चुनाव में भाजपा 77 सीटों पर आगे चल रही थी। पिछले बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा को महज तीन सीटों पर जीत मिली थी। भाजपा के शीर्ष नेता बार-बार दावा कर रहे थे कि उनकी पार्टी को बंगाल में बहुमत मिलेगा।
जिन पाँच राज्यों में चुनाव हो रहे हैं उनमें से दो राज्यों असम और पुडुचेरी में भाजपा गठबंधन को जीत मिली है।