कानपुर शूटआउट केस में उत्तर प्रदेश पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। बिकरू कांड के मुख्य आरोपी गैंगस्टर विकास दुबे के करीबी जयकांत वाजपेयी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उसके साथी प्रशांत शुक्ला को गिरफ्तार किया गया है। इन दोनों के खिलाफ आईपीसी की कई धाराओं में एफआईआर भी दर्ज किया गया है। ऐसे आरोप है कि जयकांत वाजपेयी उर्फ जय वाजपेयी ही मुख्य तौर पर विकास दुबे के पैसों का हिसाब रखता था। ऐसे में जय की गिरफ्तारी से विकास दुबे की काली कमाई के कई राज खुल सकते हैं। जयकांत वाजपेयी को कानपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कानपुर पुलिस के अनुसार बिकरू कांड में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में वाजपेयी और प्रशांत शुक्ला भी शामिल थे। दोनों ने विकास दुबे की तब मदद की थी। बताया जा रहा कि 1 जुलाई को विकास दुबे ने जय वाजपेयी को फोन किया था और पिर 2 जुलाई को जय और प्रशांत बिकरू गांव पहुंचे थे।