कोलकाता: नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 126वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने कोलकाता के शहीद मीनार मैदान में एक कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित किया। इस दौरान संघ प्रमुख ने देश के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस के योगदान और उनके महान त्याग और बलिदान के याद किया।
अपने संबोधन में मोहन भागवत ने कहा, "पूरी दुनिया आज भारत की ओर देख रही है। नेताजी के सपने अभी पूरे नहीं हुए हैं। हमें इसे मिलकर पूरे करने होंगे। नेता जी ने अपना सारा जीवन देश के लिए समर्पित कर दिया। नेता जी का जीवन लगभग वनवास में गुजारने जैसा था। उन्होंने अपने जीवन के बहुत से हिस्से वनवास में गुजारे। उन्हें अपना सर्वस्व बलिदान देश के लिए कर दिया।"
कोलकाता के शहीद मीनार मैदान में हुई रैली में संघ के कोलकाता और हावड़ा महानगर के 15 हजार से ज्यादा स्वयंसेवक शामिल हुए। संघ के इस कार्यक्रम में सुवेंदु अधिकारी के साथ कई भाजपा नेता भी शामिल हुए। बता दें कि पूरे देश में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 126वीं जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंडमान और निकोबार के 21 बड़े द्वीपों का नामकरण परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर किया। ऐसा कर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस को विशेष श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबेधित करते हुए कहा, "आज के इस दिन को आजादी के अमृत काल के एक महतपूर्ण अध्याय के रूप में आने वाली पीढ़ियां याद करेंगी। हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए ये द्वीप एक चिरंतर प्रेरणा का स्थल बनेंगे। मैं सभी को इसके लिए बहुत बहुत बधाई देता हूं।"
सुभाष चंद्र बोस की 126वीं जयंती के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री मित शाह ने भी अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में तिरंगा फहराया। इस अवसर पर गृह मंत्री ने कहा, " जब देश को नेताजी ने आजाद हिंद फौज के प्रयास से आजाद कराने का प्रयास किया तब भी इसी हिस्से को देश में सबसे पहले स्वतंत्रता प्राप्त करने का सम्मान मिला और नेताजी के हाथ से इसी द्वीप पर अपना तिरंगा पहली बार लहराया गया।"