Narendra Modi In Meerut Rally:लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक धरती पर विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मैं भ्रष्ट्राचार पर कार्रवाई कर रहा हूं तो कुछ लोग बौखला गए हैं वह अपना आपा खो बैठे हैं। मैं कहता हूं मैं मोदी की गारंटी कहती है कि भ्रष्ट्राचार हटाओ वो कहते हैं भ्रष्ट्राचारी बचाओ। भ्रष्टाचारी चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, एक्शन होगा और जरूर होगा। जिसने देश को लूटा है, उसे लौटाना ही पड़ेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि इनको लगता है कि मोदी डर जाएगा। मेरे लिए मेरा भारत मेरा परिवार है। जिनका धन लूटा है उन्हें लौटा भी रहा हूं। पीएम मोदी ने कहा कि भारत का समय आ गया है। भारत चल पड़ा है। मोदी है झुकने वाला नहीं है, भष्ट्राचार पर एक्शन जरूर होगा। आज भारत में तेजी से आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर बन रहा है। आज भारत इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण पर अभूतपूर्व निवेश कर रहा है। आज हर सेक्टर में नौजवानों के लिए नए अवसर बन रहे हैं। आज देश की नारीशक्ति, नए संकल्पों के साथ आगे आ रही है। आज भारत की साख नई ऊंचाई पर है, पूरी दुनिया भारत को भरोसे से देख रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बनेगा, ये लोगों को असंभव लगता था, लेकिन राम मंदिर भी बना है और हर रोज वहां लाखों लोग दर्शन के लिए भी जा रहे हैं। हमारी सरकार तीसरे कार्यकाल की तैयारी में अभी से जुट गई है।
हम आने वाले पांच साल का रोडमैप बना रहे हैं। पहले 100 दिनों में हमें कौन-कौन से बड़े फैसले लेने हैं, इस पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि बीते 10 वर्षों में तो आपने विकास का ट्रेलर ही देखा है, अभी तो हमें देश को बहुत आगे लेकर जाना है। 2024 का चुनाव सिर्फ सरकार बनाने का चुनाव नहीं है। 2024 का चुनाव विकसित भारत बनाने के लिए है।