पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा खुली छूट दिए जाने के बाद बिहार पुलिस एक्शन मोड में आ गई है. बेखौफ अपराधियों के खिलाफ पटना पुलिस का ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ अभियान लगातार जारी है. इसी अभियान के तहत पुलिस ने भागवत नगर शिक्षक लूट कांड के मुख्य आरोपी को एक मुठभेड़ के दौरान धर दबोचा है. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया है. अपराधी के ‘हाफ एनकाउंटर’ की पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक अन्य अपराधी को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. ताबड़तोड़ एनकाउंटर से अपराधियों में हड़कंप मच गया है. आज यानी 18 मई को सीवान में 20 लाख की लूट के आरोपी के दोनों घुटनों में गोली लगने की खबर ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी.
सीवान में एनकाउंटर के बाद पटना में पुलिस ने ऑपरेशन लंगड़ा के तहत भागवत नगर शिक्षक लूट कांड के आरोपी का हाफ एनकाउंटर किया है. बताया जाता है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शिक्षक लूट कांड से जुड़े अपराधी अगमकुआं थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में छिपे हुए हैं. इस सूचना के आधार पर जब पुलिस की विशेष टीम ने इलाके की घेराबंदी शुरू की तो अपराधियों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर सीधे गोलियां चलानी शुरू कर दीं.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा. इस सफल एनकाउंटर के बाद पुलिस ने दोनों अपराधियों को अपने हिरासत में ले लिया है. पैर में गोली लगने से घायल अपराधी की पहचान संदीप उर्फ बादल के रूप में की गई है. मुठभेड़ के तुरंत बाद घायल बदमाश संदीप को इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (एनएमसीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा है.
वहीं मौके से भागने की कोशिश कर रहे उसके दूसरे साथी को पुलिस ने दौड़ा कर दबोच लिया, जिसकी पहचान प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. मौके पर मौजूद पटना एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि पिछले दिनों पटना में छिनतई की घटना हुई थी. छिनतई के दौरान अपराधी द्वारा गोली चला दी गई थी, जिसमें वह व्यक्ति घायल हो गए थे. जांच के दौरान पुलिस टीम को अपराधी के बारे में इनपुट मिला. पुलिस ने अपराधी को पकड़ने के लिए छापेमारी की. इस दौरान अपराधी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी.
सूत्रों के मुताबिक, 2026 की शुरुआत से अब तक बिहार पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाइयों में तेजी आई है. एनकाउंटर की घटनाएं लगातार सुर्खियों में हैं, जिनमें कई कुख्यात अपराधियों को या तो घायल किया गया या फिर मुठभेड़ में ढेर किया गया. ऑपरेशन लंगड़ा के तहत पुलिस की रणनीति साफ दिखती है अपराधियों के पैर पर निशाना ताकि उनका अपराधी नेटवर्क वहीं रुक जाए. बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद से प्रशासनिक सख्ती और पुलिस एक्शन में तेजी आई है। पिछले कुछ महीनों में करीब 7 बड़े एनकाउंटर की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जहां लूट, हत्या, रंगदारी और गैंगवार से जुड़े अपराधियों पर शिकंजा कसा गया है.
इस बीच बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को राजधानी पटना के गांधी मैदान में आयोजित बिहार अग्निशमन सेवा के विशेष कार्यक्रम के दौरान मंच से स्पष्ट कहा कि पुलिस को हमने पूरी छूट दे रखी है. अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि बिहार में सुशासन का राज्य है, इसलिए पुलिस के हाथ मैंने खोल दिए हैं. कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में नहीं ले सकता है और पुलिस अपना काम आगे भी करती ही रहेगी. राज्य में किसी भी हाल में कानून-व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी. सम्राट चौधरी ने कहा कि अगर अपराधी गोली चलाएंगे तो गोली खाएंगे भी.