पटना: बिहार में नवगछिया पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है। दरअसल बिहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवतीपुर गांव में 21 अप्रैल की रात हुई प्रकाश मंडल की हत्या अब एक सनसनीखेज प्रेम-प्रसंग की कहानी बनकर सामने आई है। जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड की साजिश मृतक की छोटी बहू और उसके प्रेमी ने मिलकर रची थी। मामले का खुलासा करते हुए नवगछिया एसपी ने बताया कि मृतक की छोटी बहू सुषमा कुमारी का गांव के ही संजीव कुमार के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था, करीब एक महीने पहले दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया था, जिसके बाद गांव में पंचायत कर मामला शांत कराया गया था।
पुलिस के अनुसार, घटना 21 अप्रैल की देर रात करीब 12:30 बजे की है। जब अपराधियों ने घर में घुसकर प्रकाश मंडल को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए गए। मामले के त्वरित खुलासे के लिए एसपी के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर निखिल कुमार, दिवाकर कुमार और सुषमा कुमारी को गिरफ्तार किया, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर दिवाकर कुमार के घर से हत्या में इस्तेमाल देशी कट्टा, दो गोली और एक खोखा बरामद किया गया है। एसपी राजेश कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है और हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग तथा पारिवारिक तनाव को कारण बताया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।