लाइव न्यूज़ :

विजय दर्डा का ब्लॉग: ये हैं हिंदुस्तान के दो अनमोल रतन...!

By विजय दर्डा | Updated: February 20, 2023 07:16 IST

हिंदुस्तान को विश्व राजनीति के पटल पर शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित करने की पीएम नरेंद्र मोदी की कूटनीति को सफल बनाने में विदेश मंत्री एस. जयशंकर और एनएसए अजित डोभाल कमाल की भूमिका अदा कर रहे हैं. वास्तव में ये दोनों हिंदुस्तान के दो अनमोल रत्न हैं....!

Open in App

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बीते शनिवार को जब अमेरिका के दिग्गज कारोबारी जॉर्ज सोरोस के लिए बूढ़ा रईस, हठधर्मी और खतरनाक शब्द का उपयोग किया तो उनके तीखे तेवर की दुनिया भर में चर्चा होने लगी. दरअसल जॉर्ज सोरोस वक्त बेवक्त हिंदुस्तान पर हमला करते रहते हैं. जयशंकर ने कहा कि जॉर्ज जैसे लोग न्यूयॉर्क में बैठकर सोचते हैं कि दुनिया उनकी मर्जी से चले!

आपको याद होगा कि पिछले साल जून में स्लोवाकिया में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जयशंकर ने एक सवाल का जवाब देते हुए बड़ी सख्ती के साथ कहा था कि यूरोप इस माइंडसेट के साथ बड़ा हुआ है कि उसकी समस्या पूरी दुनिया की समस्या है लेकिन दुनिया की समस्या यूरोप की समस्या नहीं है. उसके पहले वाशिंगटन में एक पत्रकार ने जयशंकर से जब यूक्रेन पर हमला करने वाले रूस से भारत के तेल खरीदने पर सवाल किया था तो उनके जवाब ने पूरे यूरोप को परेशान कर दिया था. 

जयशंकर ने कहा- ‘आप भारत के तेल खरीदने से चिंतित हैं लेकिन यूरोप रूस से जितना तेल एक दोपहर में खरीदता है, उतना भारत एक महीने में भी नहीं खरीदता है.’ जयशंकर की खासियत यही है कि वे सीधा जवाब देते हैं. बातों को गोलमटोल कभी नहीं बनाते. उनकी इस खासियत और तीखे तेवर ने उन्हें पूरी दुनिया में अलग पहचान दी है. सच तो यह है कि भारत तो क्या दक्षिण एशिया के किसी भी देश के विदेश मंत्री ने पश्चिम को कभी इस तरह से तीखे जवाब नहीं दिए! दिलचस्प बात ये है कि विदेशी राजनयिक भी उनका समर्थन करते हैं. जयशंकर ने जब यूरोप के माइंडसेट पर प्रहार किया तो भारत में जर्मनी के राजदूत रहे वाल्टर जे. लिंडनेर ने ट्वीट किया-  ‘इनका तर्क बिल्कुल वाजिब है.’

जयशंकर वास्तव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति के सबसे बड़े दूत हैं. उनकी अपार क्षमताओं की वजह उनकी तीक्ष्णता और उनका व्यापक अनुभव है. न केवल विदेश सचिव के रूप में बल्कि चीन, रूस और अमेरिका जैसे शक्तिशाली  देशों में भारत के राजदूत के रूप में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई. मोदीजी ने उनकी क्षमताओं को पहचाना और मई 2019 में उन्हें विदेश मंत्री बनाया गया. उसके बाद से उनके तेवर दुनिया देख रही है. 

किसी देश की हिम्मत नहीं कि वह भारत पर टिप्पणी करे और जयशंकर चुप रहें. सीधे शब्दों में कहें तो एस. जयशंकर इस समय पूरी दुनिया में दहाड़ रहे हैं. इस दहाड़ की वजह पीएम नरेंद्र मोदी की स्पष्ट नीति है कि भारत अब कमजोर नहीं! विश्व गुरु बनने की राह पर निकल पड़ा है. इस वक्त शक्तिशाली जी-20 और शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गेनाइजेशन जैसी संस्था की अध्यक्षता भारत के पास है. जयशंकर से जब भारत के राष्ट्रवाद को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने बड़े सधे लहजे में कहा- भारत का राष्ट्रवाद व्यापक अंतरराष्ट्रीयवाद को आगे बढ़ा रहा है.

विश्व राजनीति का इतिहास रहा है कि एक तरफ दहाड़ना जरूरी है तो सफलता के लिए अति सूक्ष्म कूटनीति का जाल भी उतना ही आवश्यक है. और इस काम के लिए खुफिया अभियानों के माहिर और सशक्त खिलाड़ी अजित डोभाल से बेहतर और कौन हो सकता है? वे चुपचाप अपना काम करते रहते हैं और दुनिया को अचानक अचंभित कर देते हैं. बिल्कुल ताजा उदाहरण देखिए. इसी फरवरी के पहले सप्ताह में वे अमेरिका पहुंचे. वहां के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने उनसे भेंट करने के बाद कहा कि वैश्विक चुनौतियों के समाधान के लिए अमेरिका भारत के साथ सहयोग बढ़ा रहा है. इसके बाद डोभाल ब्रिटेन पहुंचे. लंदन में ब्रिटेन के सुरक्षा सलाहकार टिम बैरो से मुलाकात हुई और कमाल की बात है कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक भी बैठक में शामिल हुए.

वहां से निकल कर डोभाल रूस पहुंचे जहां अफगानिस्तान को लेकर एक बैठक हुई. उसमें ईरान, कजाकिस्तान, चीन, ताजिकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, रूस और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शामिल थे लेकिन पाकिस्तान से कोई नहीं था! पाक के पास एनएसए है ही नहीं और उसने बैठक में शामिल होने से इनकार भी कर दिया था. बैठक में पाकिस्तान का शामिल न होना भारत के लिए बड़ी कूटनीतिक जीत मानी जा रही है. जिस अफगानिस्तान में तालिबान को लाने के लिए पाक ने सारे पापड़ बेले वही तालिबान अब उसका दुश्मन बन बैठा है. 

कितनी बड़ी बात है कि जिस अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे को भारत के लिए खतरा माना जा रहा था वही तालिबान भारत के साथ दोस्ती का हाथ बढ़ाने उतावला हो रहा है. वहां के नागरिक भी पाकिस्तान के दुश्मन बन बैठे हैं. बाजी पलटने में निश्चय ही अजित डोभाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. उनकी शख्यिसत का अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आमतौर पर किसी देश के कैबिनेट मंत्री से भी नहीं मिलते लेकिन वे सारे प्रोटोकॉल तोड़ कर डोभाल से मिलने पहुंचे. आपको दिलचस्प बात याद दिला दूं कि पुतिन और डोभाल दोनों ही पेशेवर रूप से जासूस रहे हैं.

हिंदुस्तान की अहमियत दुनिया में स्थापित हो चुकी है. अमेरिका जानता है कि चीन के खिलाफ तो उसे हिंदुस्तान की जरूरत है ही, रूस में भारत ही उसकी आवाज बन सकता है. रूस को भी हिंदुस्तान पर ही भरोसा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बात को अच्छी तरह समझते हैं और उनकी कूटनीति का यही प्रमुख बिंदु भी है. वे स्वयं तो कूटनीति के माहिर खिलाड़ी हैं ही, एस. जयशंकर और अजित डोभाल पर भी वे खासा भरोसा करते हैं. ये दोनों वास्तव में हिंदुस्तान के दो अनमोल रतन हैं.

टॅग्स :अजीत डोभालS Jaishankarनरेंद्र मोदीरूस-यूक्रेन विवादपाकिस्तानतालिबान
Open in App

संबंधित खबरें

भारतप्रधानमंत्री और मेरे बीच पत्नी को लेकर कोई समस्या नहीं?, लोकसभा में अलग मूड में दिखे राहुल गांधी, वीडियो

भारतहर कोई जानता जादूगर और व्यापारी के बीच साझेदारी?, राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को 'जादूगर' कहा, वीडियो

भारतसम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर भाजपा में अंदरूनी खुशी नहीं?, "कमांडर के आदेश" को लेकर सियासी चर्चाओं का बाजार गर्म, विजय सिन्हा हो रहे ट्रोल?

भारतअब समय आ गया है?, आप घर में मां-बहन-बेटी-पत्नी सबका स्मरण करते हुए अपनी अंतरात्मा को सुनिए?, प्रधानमंत्री मोदी ने सांसदों से महिला आरक्षण विधेयक के पक्ष में मतदान करने की अपील की

भारतगिरगिट की तरह रंग बदलने वाली पार्टी कांग्रेस-सपा?, बसपा प्रमुख मायावती ने कहा-SC, ST और OBC समाज पर बात ना करें राहुल गांधी, एक्स पर 7 प्वाइंट में रखीं बात?

भारत अधिक खबरें

भारतTTAADC Election Results: कुल 28 सीट, टिपरा मोथा पार्टी को 24 और बीजेपी को 4 सीट?, 0 पर ढेर सीपीआई, कांग्रेस, आईपीएफटी?

भारत"उन्हें सुनना सिरदर्द जैसा था..वह अपने बचपन के ट्रॉमा से गुजर रहे हैं", लोकसभा में राहुल गांधी के भाषण पर BJP सांसद कंगना रनौत ने कहा, VIDEO

भारत1 अणे मार्ग से सुनहरी बाग रोड स्थित टाइप-8 श्रेणी का 9 नंबर बंगला?, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा

भारतTTAADC Election Results: त्रिपुरा में बीजेपी को झटका, 2021 में जीते 9 सीट और 2026 में 5 पर आउट?, टिपरा मोथा पार्टी ने 28 सीट में से 23 पर आगे?

भारतTTAADC Election Results: भाजपा उम्मीदवार माजी देबबर्मा को 20823 वोट से हराया, टीएमपी प्रत्याशी गीता ने पेकुआरजला-जनमेजय नगर सीट पर किया कब्जा