googleNewsNext

UP Film City: Shivsena ने Samna में CM Yogi Aditya Nath पर कसा तंज, जानें क्या कहा

By गुणातीत ओझा | Published: December 3, 2020 09:00 PM2020-12-03T21:00:15+5:302020-12-03T21:03:32+5:30

Highlightsसामना में योगी आदित्यनाथ के मुंबई दौरे को लेकर लंबा-चौड़ा लेख भी प्रकाशित हुआ है।शिवसेना ने आज गुरुवार को अपने मुखपत्र सामना में योगी आदित्यनाथ पर हमला बोला है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने राज्य में फिल्म सिटी की मजबूत बुनियाद रखने के लिए मुंबई का दौरा किया है। मुंबई पहुंचकर योगी ने कई फिल्म सितारों व फिल्म निर्देशकों से मुलाकात की। उनका मकसद यह है कि फिल्म सिटी के निर्माण से पहले उन चीजों को बारीकी से परख लिया जाए जो एक फिल्म सिटी को बेहतर से भी बेहतर बना सकती है। योगी के इस फैसले से महाराष्ट्र की सियासत में खलबली सी मची हुई है। योगी के माहाराष्ट्र दौरे पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, संजय राउत समेत तमाम शिवसेना के नेताओं ने निशाना साधा है। वे लगातार योगी पर निशाना साध रहे हैं। इतना ही नहीं आज गुरुवार को शिवसेना के मुखपत्र सामना में योगी आदित्यनाथ के इस दौरे को लेकर लंबा-चौड़ा लेख भी प्रकाशित हुआ है।

क्या लिखा है सामना में

इस कड़ी में शिवसेना ने आज गुरुवार को अपने मुखपत्र सामना में योगी आदित्यनाथ पर हमला बोला है। पार्टी ने लिखा, 'उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल से साधु-महात्मा हैं। इन साधु-महात्मा का मुंबई मायानगरी में आगमन हुआ और वे समुद्र तट पर स्थित ‘ओबेरॉय ट्राइडेंट’ मठ में ठहरे हैं। साधु महाराज का मायानगरी में आने का मूल मकसद ऐसा है कि मुंबई की फिल्म सिटी को उत्तर प्रदेश ले जाया जाए। हम महाराष्ट्र से कुछ भी ले जाने नहीं देंगे। किसी के बाप की हिम्मत नहीं है वो फिल्म सिटी ले जाए।' सामना में सवाल किया गया है कि कंगना रनौत जिस मुंबई को पीओके बता रही थीं, आज उसी मुंबई में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन्वेस्टमेंट के लिए आए हैं। मिर्ज़ापुर और पीओके में लॉ एंड ऑर्डर की समस्या एक जैसी ही है। अगर यूपी में कानून व्यवस्था संभालेंगे तो वही मायानगरी बन जाएगी। यही नहीं योगी आदित्यनाथ और अक्षय कुमार की मुलाकात पर भी तंज कसा गया है। कहा गया है कि वो अच्छे कलाकार हैं लेकिन वो पीएम मोदी से पूछते हैं कि आम कैसे खाया? योगी को अपने प्रदेश में विकास करने के लिए मुंबई आना पड़ा, यही मुंबई की ताकत है।

योगी बोले- कोई कहीं कुछ नहीं ले जा रहा, खुली प्रतिस्पर्धा है

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम कहीं कुछ नहीं ले जा रहे। मुंबई फिल्म सिटी मुंबई में ही काम करेगी, जबकि यूपी में नई फिल्म सिटी को नई आवश्यकताओं के अनुसार एक नए वातावरण में विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि फिल्म उद्योग को मुंबई से बाहर ले जाने का उनका कोई इरादा नहीं है। हम किसी का निवेश नहीं छीन रहे हैं। कोई अपने साथ कुछ नहीं ले जा सकता। यह कोई पर्स नहीं है, जिसे ले जाया सकता है। यह खुली प्रतिस्पर्धा है। जो सुरक्षित माहौल, बेहतर सुविधाएं और विशेष रूप से सामाजिक सुरक्षा दे सकेगा, उसे निवेश प्राप्त होगा।

सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा शिवसेना की नींद उड़ गई है

सामना के इस लेख पर यूपी सरकार के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने ठाकरे सरकार पर पलटवार करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री योगी की मुंबई यात्रा से उनकी नींद उड़ गई है। उन्होंने सामना संपादकीय में आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया है, जिसकी हम निंदा करते हैं। यह उनकी पार्टी की संस्कृति हो सकती है। बॉलीवुड के लोगों द्वारा खुले दिल से हमारा स्वागत किया गया। शिवसेना को नसीहत देते हुए सिंह ने कहा, 'शिवसेना को दूसरों पर उंगली नहीं उठानी चाहिए। उन्हें बॉलीवुड के साथ अपनी संस्कृति को सुधारना चाहिए। यदि वे कुछ (फिल्म सिटी) रखना चाहते हैं, तो उन्हें इसे रखना चाहिए, कोई भी इसे दूर नहीं करना चाहता है। यह सब प्रतियोगिता को लेकर है।'

स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा- कांग्रेस-शिवसेना नेताओं को हो रहा पेटदर्द

वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भी महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा है। स्वतंत्र देव सिंह ने ट्वीट किया है, “उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी के लिए योगी सरकार के फैसले से कांग्रेस-शिवसेना के नेताओं के पेट में दर्द हो रहा है। उन्हें लगता है कि फिल्म उद्योग भी उनकी राजनीति की तरह एक परिवार की विरासत है। ‘UP फिल्म सिटी’ देश के कोने-कोने में बसने वाले लाखों प्रतिभावान कलाकारों को समर्पित रहेगी।”

टॅग्स :योगी आदित्यनाथसंजय राउतशिव सेनाउद्धव ठाकरेYogi AdityanathSanjay RautShiv SenaUddhav Thackeray