चंडीगढ़: जहांगीरपुरी हिंसा पर महिला पहलवान और भाजपा नेता बबीता फोगाट ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने अपने बयान में एक धर्म विशेष पर निशाना साधा है। उन्होंने कई ट्वीट कर जहांगीरपुरी हिंसा पर बयान दिया है। बबीता ने कहा है कि हिन्दू समाज कभी भी दंगे नहीं करता है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, "हिन्दू समाज कभी भी दंगे नही करता है। दंगे करने वाले समाज का नाम और समाज की पहचान सभी को है। तब उमर खालिद, शरजील इमाम, ताहिर हुसैन और अब अंसार, सलीम, इमाम शेख़, दिलशाद, अहीद और असलम।" भाजपा नेता ने अपने ट्वीट में दिल्ली दंगों का भी जिक्र किया है। उन्होंने सीएम केजरीवाल समेत कांग्रेस पर भी निशाना साधा है।
'आप' पर भी साधा निशाना
मामले में बबीता फोगट ने 'आप' पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा, "दिल्ली दंगे ‘आम आदमी पार्टी’ ने करवाए है।‘आप’ गुंडों और अपराधियों की पार्टी है। हिंसा करने वाले ‘आप पार्टी’ के नेता और कार्यकर्ता है। यह बात शाहीन बाग के दंगों में भी साबित हुई और जांच पूरी होने के बाद जहांगीर पुरी दंगों में भी साबित होंगी। जय बजरंग बली।"
सीएम केजरीवाल और कांग्रेस को भी घेरा
पहलवान बबीता फोगाट ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी घेरा है। उन्होंने कहा है कि सीएम केजरीवाल का रिश्ता जेएनयू के देशद्रोहियों और शाहीन बाग के दंगाइयों से है। बबीता ने कांग्रेस पर भी वार किया है। उन्होंने कहा है कि जो हालत कश्मीर के हिंदुओं की हुई थी वही आज दिल्ली की हिंदुओं की हाल हो रही है। बबीता के मुताबिक, कश्मीर में हालात पर उस वक्त कांग्रेस चुप थी और आज केजरीवाल चुप हैं। उन्होंने आगे कहा कि तब कांग्रेस पत्थरबाजों के साथ थी, आज केजरीवाल दंगाइयों के साथ हैं।