पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को राजधानी पटना के गांधी मैदान में आयोजित बिहार अग्निशमन सेवा के विशेष कार्यक्रम के दौरान बिहार के अपराधियों को कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने साफ कहा कि बिहार पुलिस को अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए “खुली छूट” दी गई है और राज्य में किसी भी हाल में कानून-व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अगर अपराधी गोली चलाएंगे तो गोली खाएंगे भी.
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार की नीति पूरी तरह जीरो टॉलरेंस पर आधारित है, जिसमें भ्रष्टाचार और अपराध दोनों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि बिहार अब तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और पिछली व्यवस्था गत कमियों को दूर किया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने बिहार से बाहर रहने वाले उद्योगपतियों से बिहार वापस आने और प्रदेश में ही उद्योग लगाने की अपील की है.
उन्होंने उद्योगपतियों से कहा कि बिहार में अब सुशासन का राज है. बिहार विकसित हो रहा है. मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों से कहा कि बिहार में समृद्धि कब आएगी, जब उद्योग धंधे आएंगे. बिहार के लोग चॉपर में हैं. उनसे आग्रह करूंगा कि बिहार आपका है और बिहार लौटने का समय है. बिहार जरूर आइए. आप कर्म भूमि पर हैं, लेकिन अब अपनी जन्मभूमि पर आइए और इसको आगे बढ़ाइए.
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार जी के जो प्रयास रहे, कई सेक्टरों में वह दिखते हैं. हमने देखा है कि उन्होंने बिहार को किस तरह से आगे बढ़ाया है. उन्होंने कहा कि बिहार अब उद्योग की ओर आगे बढ़ रहा है. कई उद्योगपति आ रहे हैं और यहां पर अपने उद्योग लगा रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को और आगे बढ़ना है. कल तक हम लोग फाइटिंग करते थे और बाढ़ से बचाने का काम करते थे. अब हम लोग इस पर तेजी से काम कर रहे हैं और अन्य क्षेत्रों में भी हमें आगे बढना है.
बता दें कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जब से पदभार संभाला है, वे प्रदेश में निवेश लाने की कोशिश में जुटे हुए हैं. मुख्यमंत्री के प्रयासों के चलते ही 17 मई को अदानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदानी ने 150 करोड़ की लागत से अखंड ज्योति अस्पताल सारण में शिलान्यास किया था. इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा था कि राज्य में पहले से 1.36 लाख करोड़ रुपये के निवेश आए हैं और अगले एक साल में यह 5 लाख करोड़ तक पहुंच सकता है.
गांधी मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार अग्निशमन विभाग की ओर से 80 अत्याधुनिक वाहनों का लोकार्पण किया गया. इसके साथ ही एआई तकनीक आधारित कंट्रोल रूम की भी शुरुआत की गई. कार्यक्रम में अपर गृह सचिव अरविंद चौधरी, डीजी फायर शोभा अहोतकर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. अग्निशमन विभाग की ओर से पिछले पांच वर्षों के कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अग्निशमन विभाग के अधिकारियों और जवानों की सराहना करते हुए उन्हें “वीर योद्धा” बताया. उन्होंने कहा कि आप लोग दूसरों की जिंदगी बचाने का काम करते हैं. इसलिए आज से हम आप लोगों को वीर योद्धा के नाम से जानेंगे.
उन्होंने कहा कि आपदा को विपदा बनने से रोकना अग्निशमन कर्मियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में बिहार अग्निशमन विभाग ने कई चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर काम किया है और उसकी क्षमता लगातार बढ़ रही है. सम्राट चौधरी ने डीजी अग्निशमन शोभा अहोतकर की विशेष रूप से प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि विभाग में एआई तकनीक का इस्तेमाल कर बेहतर ट्रेनिंग और आधुनिक व्यवस्था विकसित की गई है. मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में अग्निशमन विभाग और बेहतर काम करेगा. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में लगी विभिन्न प्रदर्शनी यह स्पष्ट संदेश देती हैं कि बिहार किसी भी आपदा से निपटने के लिए तेजी से खुद को तैयार कर रहा है.