Mumbai Airport: मुंबई एयरपोर्ट पर विमान पकड़ने के लिए भारी तदाद में यात्री आते हैं। ऐसे में कई बार यात्रियों को असुविधा भी झेलनी पड़ती है। दरअसल, व्हीलचेयर की सुविधा नहीं मिलने से एक बुजुर्ग को पैदल चलना पड़ा, जिससे उन्हें हार्ट अटैक आया, जिससे उसकी मौत हो गई। वह अपनी जीवनसाथी के साथ 1.5 किलोमीटर पैदल चला था। बुजुर्ग की उम्र 80 साल की थी।
वह अपनी पत्नी के साथ न्यूयॉर्क से मुंबई आए थे। यहां पर व्हील चेयर की सुविधा उन्हें नहीं मिली। जबकि, उन्होंने दो व्हील चेयर की बुकिंग पहले से की थी। व्हील चेयर की कमी के चलते उन्हें सिर्फ एक व्हील चेयर ही दिया गया। दोनों ने तय किया कि पत्नी व्हील चेयर का इस्तेमाल करेगी और पति उसके बगल में चलेगा। दुर्भाग्य से जब तक इमीग्रेशन-काउंटर पर पहुंचे, बुजुर्ग को दिल का दौरा पड़ने के कारण जमीन पर अचेत होकर गिए गए।
आनन-फानन में उन्हें नानावती अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। न्यूयॉर्क-मुंबई उड़ान सुबह 11.30 बजे उतरने वाली थी लेकिन सोमवार को यह देर से दोपहर 2.10 बजे उतरी। अब इस पूरे मामले पर एयर इंडिया का बयान भी सामने आया है।
एयर इंडिया ने अपने बयान में कहा है कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। 12 फरवरी को न्यूयॉर्क से मुंबई वाली उड़ान में हमारे यात्री में से एक अपनी पत्नी के साथ इमीग्रेशन-काउंटर की ओर बढ़ते समय बीमार हो गए। व्हीलचेयर की भारी मांग के कारण हमने यात्री से व्हीलचेयर सहायता उपलब्ध होने तक इंतजार करने का अनुरोध किया था।
लेकिन उन्होंने अपने जीवनसाथी के साथ पैदल चलने का विकल्प चुना। बीमार होने के बाद हवाईअड्डे पर उनका इलाज कर रहे डॉक्टर की सलाह के अनुसार, यात्री को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। व्हीलचेयर की मांग करने वाले प्रत्येक यात्री को व्हीलचेयर सहायता प्रदान करने की स्पष्ट रूप से निर्धारित नीति बनाई है।