मुंबई: कान्स फिल्म फेस्टिवल के आयोजन के साथ ही बॉलीवुड सितारों ने अपना जलवा रेड कार्पेट पर बिखेरना शुरू कर दिया है। कान्स 2023 में विश्व सुंदरी ऐश्वर्या राय ने अपनी ड्रेस से सबका ध्यान खींचा है।
इस बीच, एक्ट्रेस की ड्रेस को लेकर एक तरफ जहां उनकी तारीफ हो रही वहीं, सोशल मीडिया उन्हें ट्रोल भी कर रहे हैं। ऐश्वर्या राय बच्चन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
इन फोटो पर यूजर्स, फैन्स अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इसी कड़ी में फिल्म निर्माता विवेक अग्निहोत्री ने भी ऐश्वर्या राय बच्चन की ड्रेस को लेकर उनकी आलोचना की है।
विवेक अग्निहोत्री ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शुक्रवार को एक पोस्ट के जरिए ऐश्वर्या की तस्वीर साझा करते हुए उनकी आलोचना की है।
विवेक अग्निहोत्री ने ट्वीट में लिखा, "क्या आप लोगों ने 'कॉस्टयूम स्लेव्स' नाम का टर्म सुना है। वे ज्यादातर लड़कियां हैं (इस मामले में एक उपयुक्त पुरुष)।
आप उन्हें अब भारत में भी लगभग हर फीमेल सेलेब्स के साथ देख सकते हैं। हम इतने असहज फैशन के लिए इतने मूर्ख और दमनकारी क्यों बनते जा रहे हैं?”
विवेक अग्निहोत्री का ये पोस्ट तेजी से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। हालांकि, विवेक खुद अपने पोस्ट के कारण यूजर्स का शिकार बन रहे हैं।
उनके इस तरह ऐश्वर्या राय की ड्रेस सही करने वाले शख्स को लेकर बोलने पर कई यूजर्स ने विवेक अग्निहोत्री को जमकर ट्रोल किया और उनका मजाक उड़ाया है।
एक यूजर ने विवेक का मजाक उड़ाते हुए कमेंट किया कि क्या ऐश्वर्या ने आपकी फिल्म ठुकरा दी इसलिए आप ऐसा कह रहे हैं? वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि उन्होंने अपनी पसंद से जो मन पहना है आपको क्यों इतनी दिक्कत हो रही।
एक अन्य यूजर ने विवेक पर तीखा तंज कसते हुए कहा, "एक्ट्रेस की ड्रेस नफरत फैलाने वाले लोगों के मुकाबले बहुत सही है।"
इसी तरह के कई यूजर्स ने फिल्म निर्माता पर उनके पोस्ट के लिए उन्हें ट्रोल किया। गौरतलब है कि ऐश्वर्या इस साल कान्स रेड कार्पेट पर पहली बार सोफी कॉउचर में नजर आईं।
वह गुरुवार को हॉलीवुड के दिग्गज हैरिसन फोर्ड की फिल्म, इंडियाना जोन्स द डायल ऑफ डेस्टिनी के प्रीमियर में शामिल हुईं। पिछले कई सालों से कान फिल्म फेस्टिवल में शिरकत कर रहीं ऐश्वर्या इस हफ्ते की शुरुआत में बेटी आराध्या बच्चन के साथ फ्रेंच रिवेरा पहुंचीं।