स्पेन के स्टार टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने यूएस ओपन 2019 के पुरुष सिंग्ल्स में रूस के दानिल मेदवेदेव को हराकर 19वां ग्रैंड स्लैम अपने नाम किया। दुनिया के नंबर दो खिलाड़ी राफेल नडाल ने 4 घंटे 50 मिनट तक चले फाइनल मुकाबले में पांचवें वरीयता प्राप्त दानिल मेदवेदेव को 7-5, 6-3, 5-7, 4-6, 6-4 से हराया।
राफेल नडाल को फाइनल मुकाबले में दानिल मेदवेदेव के खिलाफ जीतने के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा। नडाल ने शुरुआत दो सेट 7-5, 6-3 से अपने नाम किया, लेकिन इसके बाद मेदवेदेव ने वापसी की और लगातार दो सेट 5-7, 4-6 से अपने नाम कर लिया। हालांकि पांचवे सेट में नडाल ने अनुभव का फायदा उठाया और मेदवेदेव को 6-4 से मात देकर खिताब अपने नाम कर लिया।
राफेल नडाल ने सेमीफाइनल मुकाबले में 25वीं रैंकिंग वाले इटली के मैतियो बेरेटिनी को दो घंटे 35 मिनट तक चले मुकाबले में लगातार सेटों में 7-6, 6-4, 6-1 से हराकर पांचवीं बार यूएस ओपन के फाइनल में प्रवेश किया था। जबकि, दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में मेदवेदेव ने 78वीं रैंकिंग वाले बुल्गारिया के ग्रिगोर दिमित्रोव को 7-6, 6-4, 6-3 से मात दी थी और पहली बार यूएस ओपन के फाइनल में जगह बनाई थी।
राफेल नडाल के करियर का यह चौथा यूएस ओपन खिताब है। नडाल ने इस से पहले साल 2010, 2013 और 2017 में यूएस ओपन खिताब पर कब्जा किया था। खिताब जीतने के बाद नडाल अब रोजर फेडरर के सर्वकालिक पुरुष रिकॉर्ड से सिर्फ एक ट्रॉफी दूर रह गए हैं, जिन्होने 5 बार यूएस ओपन का खिताब अपने नाम किया है।
नडाल अब फेडरर से सिर्फ एक ग्रैंडस्लैम पीछे
33 साल के राफेल नडाल (ऑस्ट्रेलियन-1, फ्रेंच-12, विंबलडन-2, यूएस-4) अब अपने 38 साल के रोजर फेडरर (ऑस्ट्रेलियन-6, फ्रेंच-1, विंबलडन-8, यूएस-5) से सिर्फ एक ग्रैंडस्लैम खिताब पीछे हैं। फेडरर ने अपने करियर में 20 ग्रैंड स्लैम सिंगल्स खिताब अपने नाम किया है, जबकि नडाल ने नाम 19 खिताब हैं। सबसे ज्यादा ग्रैंडस्लैम के मामले में सर्बिया के नोवाक जोकोविच (ऑस्ट्रेलियन-7, फ्रेंच-1, विंबलडन-5, यूएस-3) तीसरे नंबर पर हैं।
राफेल नडाल के ग्रैंड स्लैम खिताब
राफेल नडाल ने चौथी बार यूएस ओपन (2019, 2017, 2013 और 2010) खिताब पर कब्जा किया है। नडाल ने साल 2009 में ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब अपने नाम किया था। नडाल साल 2008 और 2010 में विंबलडन चैंपियन बने थे। इसके अलावा नडाल ने 12 बार फ्रेंच ओपन का खिताब अपने नाम कर चुके हैं। नडाल 2005, 2006, 2007, 2008, 2010, 2011, 2012, 2013, 2014, 2017, 2018 और 2019 में फ्रेंच ओपन चैंपियन बन चुके हैं।