भोपालः अभिनेता आर. माधवन के बेटे और तैराक वेदांत माधवन ने मध्य प्रदेश में आयोजित हुए खेलो इंडिया यूथ गेम्स में कमाल कर दिया है। वेदांत ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए 5 स्वर्ण और 2 रजत पदक जीते हैं।
आर. माधवन बेटे के इस कारनामे से काफी खुश हैं और उन्होंने इस उपलब्धि की तस्वीरें ट्विटर पर साझा की हैं। तस्वीरें शेयर करते हुए अभिनेता ने लिखा कि वेदांत का प्रदर्शन देखकर उन्हें काफी खुशी हो रही है और वह गर्व महसूस कर रहे हैं।
गौरतलब है कि खेलो इंडिया गेम्स में सबसे ज्यादा पदक जीतने वाला राज्य महाराष्ट्र रहा। 161 पदक जीतकर तालिका में शीर्ष पर मौजूद महाराष्ट्र की झोली में 56 स्वर्ण, 55 रजत और 50 कांस्य पदक आए। वहीं 128 पदक जीतकर हरियाणा दूसरे स्थान पर तो मध्य प्रदेश 96 पदक के साथ तीसरे स्थान पर रहा है। राजस्थान की झोली में 48, केरल ने 46, ओडिशा ने 30, मणिपुर 34, तमिलनाडु ने 52 तो दिल्ली और पंजाब ने क्रमशः64 और 33 पदक जीते।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 में समग्र प्रदर्शन में महाराष्ट्र को प्रथम हासिल करने पर बधाई दी। उन्होंने भारत में खेलों को बढ़ावा देने और विभिन्न क्षेत्रों में विकास की शुरुआत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की।
चौहान ने यहां 13 दिवसीय कार्यक्रम के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘ “मैं आयोजन में समग्र खेलों में नंबर एक बनने के लिए महाराष्ट्र को बधाई देता हूं और शुभकामनाएं देता हूं। मैं दूसरे और तीसरे स्थान पर आने के लिए हरियाणा और मध्य प्रदेश को भी बधाई देता हूं।’’