उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में शुक्रवार को सड़क हादसा हुआ, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई है और एक गंभीर रूप से घायल है। मिली जानकारी के अनुसार ट्रक और स्कार्पियों की आपस में टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में मरने वालों में से 4 युवक, 3 महिला और 2 बच्चे शामिल हैं। वहीं, ड्राइवर बुरी तरह घायल हो गया है जिसे लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्कार्पियों में सभी लोग राजस्थान से मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस बिहार अपने घर लौट रहे थे कि रास्ते में ये हादसा हो गया।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक हादसा स्कॉर्पियो चला रहे ड्राइवर के तड़के नींद में आने के कारण हुआ है। पुलिस ने बताया कि मृतक बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले थे। सीओ समेत भारी दल मौके पर मौजूद है। इस घटना पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही घायल को उपचार के निर्देश दिए हैं।
ये घटना सुबह के 5 बजे की है, कार की ट्रक से इतनी से तेजी से टक्कर हुई की गाड़ी की हालत इतनी खराब थी शव को निकालने के लिए गाड़ी को कटर से काटना पड़ा। मृतकों में एक ही परिवार के 9 लोग शामिल थे। चार पुरुष, तीन महिलाएं, एक किशोरी और एक बच्चा शामिल हैं। भीषण हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।