संयुक्त अरब अमीरात में मोरक्को मूल की एक महिला ने अपने प्रेमी की हत्या के बाद उसके शव के टुकड़े-टुकड़े किए और उसे पकाकर मजदूरों को खिला दिया। पुलिस के मुताबिक, महिला ने अपने बॉयफ्रेंड की हत्या तीन महीने पहले की थी, लेकिन उस समय ये मामला पकड़ में नहीं आया था। महिला के ब्लेंडर के अन्दर मानव दांत मिलने के बाद ये मामला प्रकाश में आया है।
अमीरात के सरकारी अख़बार 'द नेशनल रिपोर्ट्स' के मुताबिक महिला ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और कहा है कि उसने गुस्से में आकर ये हत्या की। महिला की उम्र 30 साल के आस-पास है और अब उस पर हत्या का मुकदमा चलेगा।
अख़बार के मुताबिक महिला सात साल तक अपने बॉयफ्रेंड के साथ रिश्ते में थी, लेकिन एक दिन बॉयफ्रेंड ने महिला को बताया कि वो उससे शादी नहीं कर सकता और किसी अन्य महिला से शादी करना चाहता है। इसके बाद महिला गुस्से में आ गई और उसने अपने प्रेमी की हत्या कर दी। हालांकि पुलिस ने ये नहीं बताया कि महिला ने अपने प्रेमी की हत्या कैसे की?
अखबार के मुताबिक, महिला ने बॉयफ्रेंड के शव के टुकड़े-टुकड़े कर चावल के साथ पकाए और पास में काम करने वाले पाकिस्तानी मज़दूरों को खिलाया।
मामले का पता तब चला जब मारे गए व्यक्ति का भाई उसे खोजने के लिए ओमान की सीमा के पास स्थित अल इन शहर आया और वह आरोपी महिला के घर गया, जहां उसने घर में रखे मिक्सर के ब्लेंडर के अंदर एक मानव दांत पाया, जिसकी जानकारी उसने पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने दांत को बरामद किया और उसका डीएनए कराया। इससे पता चला कि उस व्यक्ति की हत्या हुई है।
पुलिस के मुताबिक, महिला ने मृतक के भाई को बताया था कि उसने उसके भाई (मृतक) को घर से निकाल दिया था। लेकिन, पुलिस की कड़ाई से पूछताछ के बाद उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया और माना कि उसने ही बॉयफ्रेंड की हत्या की थी।