लॉकडाउन की वजह से दूरदर्शन पुराने शोज को दोबारा टीवी पर प्रसारित कर रहा है। रामानंद सागर की धारावाहिक 'रामायण' एक बार फिर टीआरपी के मामले को सबको पछाड़ते हुए सबसे आगे निकल गई। रामायण का क्रेज देखते हुए उसे दोबारा स्टार प्लस पर रिटेलीकास्ट किया जा रहा है। 'रामायण' को अब भी लोगों से वहीं प्यार मिल रहा है जो सालों पहले मिला करता था।
लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले कलाकार सुनील लहरी 'रामायण' के दोबारा प्रसारण से सबसे खुश दिखाई दे रहे हैं। वह लगातार सोशल मीडिया के जरिए लोगों के साथ अपने काम का अनुभव शेयर करते रहते हैं। लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले सुनील लहरी हर एपिसोड के बाद लोगों से उस एपिसोड से जुड़ी पुरानी बातों का जिक्र करते हैं।
सुनील लहरी ने बताया कि कैसे एक सीन को शूट करते समय वहां मौजूद सभी लोगों की आंखों में आंसू आ गए थे। इस सीन को शूट करने के बाद रामायण की पूरी कास्ट के साथ रामानंद सागर भी खूब रोए थे। सुनील के मुताबिक जब राम के वनवास जाने के बाद राजा दशरथ का निधन का सीन शूट करना सबसे मुश्किल था। इस एपिसोड को शूट करते हुए सभी लोग भावुक होकर रोने लगे थे।
सुनील लहरी के अलावा 'रामायण' में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अभिनेता अरुण गोविल इन दिनों अपने पुराने शो की वजह से चर्चा में हैं। भगवान राम के जीवन पर आधारित “रामायण” का पहली बार दूरदर्शन पर 1987 में प्रसारण किया गया था और इसे बेहद लोकप्रियता मिली थी। इसके बाद साल 2020 में लॉकडाउन की वजह से इसका प्रसारण दोबारा किया गया।