नई दिल्ली: अक्सर अपने बयानों से सुर्खियों में रहने वाली बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने अब एक और चौंकाने वाली बात कही है। कंगना ने कहा है कि निर्माता-निर्देशक करण जौहर ने प्रियंका चोपड़ा को फिल्म इंडस्ट्री छोड़ने के लिए मजबूर किया। कंगना ने ये भी कहा कि शाहरुख खान से दोस्ता के बाद प्रियंका चोपड़ा का पतन शुरू हूआ।
कंगना ने एक के बाद एक कई ट्वीट्स करके कहा कि करण जौहर ने शाहरुख खान के साथ अपनी "दोस्ती" के कारण प्रियंका चोपड़ा को बॉलीवुड से "प्रतिबंधित" कर दिया था। कंगना ने दावा किया कि करण ने प्रियंका चोपड़ा को "परेशान" किया जिसके कारण उन्हें भारत छोड़ना पड़ा।
कंगना ने लिखा कि प्रियंका चोपड़ा का कहना है कि वह अमेरिका चली गईं क्योंकि बॉलीवुड में लोगों ने उन्हें किनारे करने की कोशिश की। वह इंडस्ट्री की राजनीति से थक गई थीं। कंगना ने आगे कहा कि एक स्व-निर्मित महिला को भारत छोड़ने के लिए मजबूर किया गया। सभी जानते हैं कि करण जौहर ने उस पर प्रतिबंध लगा दिया था।
कंगना ने बिना किसी का नाम लेते हुए कहा, "इस अप्रिय, ईर्ष्यालु, नीच और जहरीले व्यक्ति को फिल्म उद्योग की संस्कृति और पर्यावरण को बर्बाद करने के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। उसके गिरोह और माफिया पीआर पर छापा मारा जाना चाहिए और बाहरी लोगों को परेशान करने के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।"
बता दें कि कंगना रनौत ने इससे पहले भी बॉलीवुड की कार्य संस्कृति पर कई सवाल उठाए हैं। कंगना हमेशा से कहती आई हैं कि बॉलीवुड में कुछ लोगों का एक गिरोह है जो बाहरी लोगों को इंडस्ट्री में स्थापित नहीं होने देना चाहता। इससे पहले कंगना सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या केस में भी करण जौहर और भट्ट कैंप के खिलाफ लगातार बोलती रही हैं। कंगना फिल्म इंडस्ट्री में नेपोटिज्म का मुद्दा भी लगातार उठाती रही हैं। कंगना का कहना है कि बॉलीवुड में भाई-भतीजावाद के कारण बाहरी लोगों को फिल्में मिलना बेहद मुश्किल है।