नई दिल्ली, 24 अक्टूबर: चीनी कंपनी Xiaomi ने अपने शार्क ब्रैंड के तहत नया स्मार्टफोन लॉन्च किया है। कंपनी ने Black Shark Helo नाम से इस फोन को पेश किया है। बता दें कि शार्क कंपनी गेमिंग स्मार्टफोन के लिए जानी जाती है। ये स्मार्टफोन इसी साल अप्रैल में लॉन्च हुए Xiaomi Black Shark का अपग्रेड वर्जन है। ब्लैक शार्क स्मार्टफोन को खासतौर पर गेमिंग के लिए डिजाइन किया गया है जो बेहतर गेमिंग एक्सपीरियंस देती है।
बाजार में Xiaomi Black Shark Helo की सीधी भिड़ंत Razer Phone 2 से होगी जिसे इस महीने ही लॉन्च किया गया था। स्मार्टफोन को फिलहाल चीनी मार्केट में बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। अभी इस हैंडसेट को भारत में लाए जाने के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
Xiaomi Black Shark 2 की खासियत
शाओमी ब्लैक शार्क हेलो (ब्लैक शार्क 2) में नई लिक्विड कूलिंग टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल हुआ है जो हैंडसेट को ज़्यादा गर्म होने से बचाता है। कंपनी ने इसमें X+1 एंटीना होने की बात बताई है जिससे बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके फ्रंट में स्टीरियो स्पीकर दिए गए हैं। हैंडसेट की दूसरे खासियतों में 10 जीबी रैम, 6.01 इंच डिस्प्ले, स्नैपड्रैगन 845 प्रोसेसर और अलग से इमेज प्रोसेसिंग चिप शामिल हैं। Xiaomi ने ब्लैक शार्क हेलो के लिए ब्लैक शार्क बायप्लेन हैंडल कंट्रोलर डॉक भी दिया है। यह कंट्रोलर जॉयस्टिक और दूसरे बटन के साथ आता है व इसे हैंडसेट से कनेक्ट किया जा सकता है। 6 जीबी रैम और 8 जीबी रैम वाले वेरिएंट बायीं तरफ से बायप्लेन हैंडल के साथ आएंगे। जबकि 10 जीबी रैम मॉडल में दोनों तरह यह बायप्लेन हैंडल होगा।
| डिस्प्ले | 6.1 इंच |
| प्रोसेसर | स्नैपड्रैगन 845 |
| रैम | 6 जीबी/ 8 जीबी/ 10 जीबी |
| स्टोरेज | 128 जीबी/ 256 जीबी |
| फ्रंट कैमरा | 20 मेगापिक्सल |
| रियर कैमरा | 12+20 मेगापिक्सल |
| बैटरी | 4000mAh |
| सिक्योरिटी | फिंगरप्रिंट सेंसर |
| कनेक्टिविटी | ड्यूल सिम, 4G LTE, वाई-फाई, ब्लूटूथ |
Xiaomi Black Shark Helo स्पेसिफिकेशन
शाओमी ब्लैक शार्क हेलो एक ड्यूल सिम स्मार्टफोन है। इसमें 6.01 इंच का (1080x2160 पिक्सल) डिस्प्ले है। इसका आस्पेक्ट रेशियो 18:9 है। पिक्सल डेनसिटी 402 पिक्सल प्रति इंच है। हैंडसेट में क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 845 प्रोसेसर के साथ एड्रेनो 630 जीपीयू इंटीग्रेटेड है। रैम और स्टोरेज पर आधारित फोन के तीन वेरिएंट हैं- 6 जीबी रैम/ 128 जीबी स्टोरेज, 8 जीबी रैम/ 128 जीबी स्टोरेज और 10 जीबी रैम/ 256 जीबी स्टोरेज।
कैमरा सेटअप की बात करें तो Xiaomi Black Shark Helo में पुराने वर्जन वाला ही कैमरा सेटअप है। यह ड्यूल रियर कैमरा सेटअप के साथ आता है। इसका प्राइमरी सेंसर 12 मेगापिक्सल का है और सेकेंडरी सेंसर 20 मेगापिक्सल का। दोनों ही सेंसर एफ/1.75 अपर्चर से लैस हैं और ये एलईडी फ्लैश के साथ आते हैं। फ्रंट पैनल पर एफ/2.2 अपर्चर वाला 20 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है।
Xiaomi Black Shark की बैटरी 4000 एमएएच की है। यह क्विक चार्ज 3.0 को सपोर्ट करती है। कनेक्टिविटी के लिए 4जी एलटीई, वाई-फाई 802.11ए/बी/जी/एन/एसी, ब्लूटूथ 5.0, जीपीएस, एजीपीएस, ग्लोनास, एप्टएक्स और एप्टएक्स एचडी सपोर्ट है। एंबियंट लाइट सेंसर, जियोमैगनेटिक सेंसर, ग्रैविटी सेंसर, जायरोस्कोप और प्रॉक्सिमिटी सेंसर इस फोन का हिस्सा हैं। फोन का डाइमेंशन 160x75.25x8.7 मिलीमीटर और 190 ग्राम वजन है।
Xiaomi Black Shark Helo की कीमत
चीनी मार्केट में शाओमी ब्लैक शार्क 2 की कीमत 3,199 चीनी युआन (करीब 34,100 रुपये) से शुरू होती है। इस कीमत पर यूजर को 6 जीबी रैम व 128 जीबी इनबिल्ट स्टोरेज वेरिएंट मिलेगा। वहीं 8 जीबी रैम+128 जीबी स्टोरेज वेरिएंट के लिए 3,499 चीनी युआन (करीब 37,000 रुपये) चुकाने पड़ेंगे। प्रीमियम 10 जीबी रैम और 256 जीबी स्टोरेज वेरिएंट का दाम 4199 चीनी युआन (करीब 44,500 रुपये) है। गौर करने वाली बात है कि यह स्मार्टफोन काले रंग में आएगा।