New covid variant JN.1: केरल में तीन, कर्नाटक में दो और पंजाब में एक मरीज की जान गई, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गाइडलाइन जारी किया, देखें

By सतीश कुमार सिंह | Published: December 21, 2023 12:33 PM2023-12-21T12:33:25+5:302023-12-21T12:38:19+5:30

Next

भारत में जेएन.1 कोविड वैरिएंट से सरकार अलर्ट मोड पर है। गुरुवार को 24 घंटों में 2669 सक्रिय मामले सामने आए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, केरल, महाराष्ट्र, झारखंड और कर्नाटक में कोविड मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है।

नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ वीके पॉल ने कहा, भारत में अब तक कोविड-19 सब-वेरिएंट जेएन.1 के 21 मामले दर्ज किए गए हैं। 

भारत में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 594 नए मामले दर्ज किए गए जिससे उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 2,669 हो गई जो इससे एक दिन पहले 2,331 थी।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आज सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 4.50 करोड़ (4,50,06,572) हो गई।

छह मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 5,33,327 हो गई जिसमें केरल में तीन, कर्नाटक में दो और पंजाब में एक मरीज की जान चली गई।

आंकड़ों के अनुसार, इस बीमारी से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,44,70,576 हो गयी है और स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 98.81 प्रतिशत है।

संक्रमण से जान गंवाने की दर 1.19 फीसदी है। मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, देश में अभी तक कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत 220.67 करोड़ खुराक दी गयी हैं।