नई दिल्ली: मशहूर गायक कैलाश खेर अपने पहाड़ी और मखमली आवाज से दिल्ली के संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध करने के लिए तैयार हैं. लोकमत मीडिया समूह की ओर से 13वां ‘लोकमत सुर ज्योत्सना राष्ट्रीय संगीत पुरस्कार’ समारोह शुक्रवार, 24 अप्रैल को डॉ. बाबासाहब आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित किया जाएगा. यह समारोह संगीत साधिका और लोकमत सखी मंच की संस्थापक दिवंगत ज्योत्सना दर्डा की स्मृति में आयोजित किया जाता है.
लोकमत मीडिया समूह पिछले 13 वर्षों से देश के विभिन्न राज्यों में ‘13वां लोकमत सुर ज्योत्सना राष्ट्रीय संगीत पुरस्कार’ समारोह का आयोजन करता आ रहा है. राष्ट्रीय राजधानी में हो रहे समारोह में हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायिका सुमित्रा गुहा और हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायक पंडित लक्ष्मण कृष्णराव पंडित को ‘लोकमत सुर ज्योत्सना नेशनल म्यूजिकल अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया जाएगा. देश की राजधानी में यह कार्यक्रम चौथी बार हो रहा है; इससे पहले 2019, 2021 और 2025 में भी यह समारोह आयोजित हो चुका है.
ओंकार मंत्र से शुरुआत
अहिंसा विश्वभारती के संस्थापक आचार्य लोकेश मुनिजी और वाराणसी के करपात्री धाम के पीठाधीश स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी की उपस्थिति में ओंकार मंत्र से कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी. इस वर्ष नागपुर, यवतमाल, कोल्हापुर, बेंगलुरु, नासिक, छत्रपति संभाजीनगर और मुंबई में विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों की उपस्थिति में यह समारोह संपन्न हुआ है. पुणे में अगला पुरस्कार समारोह 16 मई को आयोजित किया जाएगा.
बड़ी हस्तियों की रहेगी मौजूदगी
कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति संदीप मेहता मुख्य अतिथि होंगे. इसके अलावा सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण मंत्रालय के राज्यमंत्री रामदास आठवले, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के राज्यमंत्री श्रीपाद नाईक, डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी के अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद, जिंदल स्टील के चेयरमैन एवं राज्यसभा सांसद नवीन जिंदल, राज्यसभा सांसद और न्यूज एक्स चैनल के चेयरमैन कार्तिकेय शर्मा, पंजाब केसरी समूह के चेयरमैन किरण अश्विनीकुमार चोपड़ा, नेवल वेलफेयर एंड वेलनेस एसोसिएशन की अध्यक्ष शशि त्रिपाठी और लाेकमत मीडिया समूह के एडिटोरियल बोर्ड के चेयरमैन एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. विजय दर्डा सहित कई हस्तियां इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगी.