प्रवेश वाही, मोनिका पंत, जय भगवान यादव और मनीष चड्ढा होंगे बीजेपी प्रत्याशी?, आप के उम्मीदवार से टक्कर?, 29 अप्रैल को मतदान
By सतीश कुमार सिंह | Updated: April 23, 2026 14:59 IST2026-04-23T14:58:02+5:302026-04-23T14:59:04+5:30
भाजपा ने दिल्ली महापौर चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों को लेकर चल रहे सस्पेंस को समाप्त कर दिया है।

file photo
नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में महापौर, उप महापौर और स्थायी समिति के सदस्यों के पदों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। रोहिणी से पार्षद प्रवेश वाही को महापौर पद के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी की दिल्ली इकाई द्वारा जारी बयान के अनुसार, मोनिका पंत को उप महापौर पद के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, जय भगवान यादव को स्थायी समिति के सदस्य तथा सदन के नेता पद के लिए उम्मीदवार बनाया गया है और मनीष चड्ढा को स्थायी समिति की सदस्यता के लिए नामित किया गया है। वाही 2007 से 2012 तक पार्षद रह चुके हैं और 2022 में तीसरी बार पार्षद बने। वाही के पिता पाकिस्तान से भारत आए थे। वे पहले कश्मीर में रहे और फिर दिल्ली बस गए।
गुरुवार महापौर, उप महापौर और स्थायी समिति सदस्य के पदों के लिए नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है। चुनाव 29 अप्रैल को होंगे। महापौर चयन के लिए भाजपा द्वारा नियुक्त समिति की बैठक राज्य भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की अध्यक्षता में हुई।
भाजपा उम्मीदवारों की सूची-
मेयर -प्रवेश वाही, 53-रोहिणी ई
उप मेयर - मोनिका पंत, 206-आनंद विहार
स्थायी समिति सदस्य एवं सदन के नेता- जय भगवान यादव, 27-बेगमपुर
स्थायी समिति सदस्य - मनीष चड्ढा, 82-पहाड़गंज।
इस बार मेयर चुनाव काफी दिलचस्प हो सकता है। विपक्षी आम आदमी पार्टी (आप) ने भी मेयर, उप मेयर और स्थायी समिति के चुनाव लड़ने का फैसला किया है। इससे पहले अप्रैल में, दिल्ली के वर्तमान महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने एक क्लिक के जरिए दिल्ली नगर निगम के 500 मेधावी छात्रों के बैंक खातों में सीधे छात्रवृत्ति राशि वितरित की थी। ये छात्रवृत्तियां सनग्रो कंपनी द्वारा प्रायोजित थीं।